स्वास्थ्य और बीमारियां

क्या है Liver Function Test, इसे कब कराना चाहिए? जानें लिवर को कैसे रखें हेल्दी

लिवर हमारे शरीर का एक अहम हिस्सा है। लिवर पित्त का उत्पादन करता है। यह एक पाचक रस है जो वसा को पचाने में मदद करता है। इसी के साथ लिवर रक्त से विषाक्त पदार्थों को हटाता है। यह रेड ब्लड सेल्स का उत्पादन भी बढ़ाता है। लिवर में अगर थोड़ी सी भी खराबी आ जाये तो आपको बड़ी परेशानी में डाल सकती है। अगर आपको महसूस हो रहा है कि आपका लिवर ठीक से काम नहीं कर रहा है तो आपको लिवर फंक्शन टेस्ट यानी एलएफटी (LFT) जरूर करवाना चाहिए। यह आपके लिवर की सेहत के बारे में सटीक जानकारी देता है। क्या है लिवर फंक्शन टेस्ट और क्यों है यह जरूरी, आइए जानते हैं।

क्या है लिवर फंक्शन टेस्ट

लिवर की क्षति या बीमारी का पता लगाने के लिए यह टेस्ट करवाया जाता है। जब लिवर ठीक से काम नहीं करता है तो उसके कई लक्षण नजर आते हैं। पेट में दर्द या सूजन, भूख न लगना, मतली और उल्टी, थकान, पीलिया, गहरे पीले रंग का यूरिन आना, खुजली, नाक से खून बहना, तेजी से वजन कम होना, पैरों या टखनों में सूजन आदि लिवर के बीमार होने के संकेत हैं। इनमें से अगर कोई भी लक्षण आपको नजर आएं तो एलएफटी (LFT) जरूर करवाना चाहिए। आमतौर पर यह सुबह खाली पेट किया जाता है।

क्यों बीमार होता है लिवर

विशेषज्ञों के अनुसार, लिवर के बीमार होने के कई कारण हैं। जिन लोगों का वजन ज्यादा होता है या जो शराब का सेवन ज्यादा करते हैं, उनका लिवर खराब होने की आशंका ज्यादा रहती है। इसी के साथ डायबिटीज, हेपेटाइटिस ए, बी या सी का संक्रमण, हाई ब्लड प्रेशर भी लिवर को बीमार करता है। कई बार दवाएं भी लिवर को नुकसान पहुंचाती हैं। अगर आपका पारिवारिक इतिहास लिवर की बीमारी का है तो भी आपको सावधान रहना चाहिए।

लिवर को कैसे रखें सेहतमंद

अपनी दिनचर्या और जीवनशैली में बदलाव करके आप लिवर को हेल्दी रख सकते हैं।

संतुलित आहार
फल, सब्जियां और साबुत अनाज का सेवन ज्यादा करें। इनमें फाइबर, विटामिन और खनिज होते हैं जो आपके लिवर को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। लीन प्रोटीन जैसे- मछली, चिकन, बीन्स और टोफू का सेवन करें। साथ ही ओलिव आयल, एवोकैडो और नट्स जैसे हेल्दी फैट खाएं। सैचुरेटेड फैट, ट्रांस फैट से बचें। शक्कर और नमक का सेवन कम करें।

नियमित व्यायाम
सेहतमंद रहने के लिए नियमित व्यायाम करें। हर सप्ताह कम से कम 150 मिनट व्यायाम करें। यह आपके लिवर को स्वस्थ रखने और वजन कम करने में मदद करता है।

शराब से बचें
अत्यधिक शराब का सेवन लिवर को नुकसान पहुंचाता है। आप शराब को लिवर का दुश्मन कह सकते हैं इसलिए इसे तुरंत छोड़ने की कोशिश करें। इसी के साथ धूम्रपान से भी दूर रहें।

सावधानी से लें दवाएं
कुछ दवाएं लिवर को नुकसान पहुंचा सकती हैं इसलिए दवाओं का सेवन करते समय हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें। बिना जानकारी ली गई दवाएं आपकी समस्या बढ़ा सकती हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button