सर्दियों में बढ़ सकती है गठिया की परेशानी, जानिए इससे कैसे करें बचाव?

सर्दियों का मौसम उन लोगों के लिए भी समस्या पैदा करने वाला होता है, जो हड्डियों और जोड़ों की दिक्कत से परेशान रहते हैं। इन महीनों के दौरान गठिया से पीड़ित लोगों की दिक्कतें ट्रिगर हो सकती हैं, जोड़ों का दर्द बढ़ सकता है और आप ज्यादा असहज महसूस कर सकते हैं। यही वजह है कि हेल्थ एक्सपर्ट ऐसे लोगों को ठंड के मौसम में विशेष सावधानी बरतते रहने की सलाह देते हैं।
सर्दियों में साइनोवियल फ्लूड (दो हड्डियों के बीच में मौजूद एक पदार्थ) की मोटाई में बदलाव की वजह से ये दिक्कतें होती हैं। साइनोवियल फ्लूड (Synovial Fluid) जोड़ों को सुचारू रूप से काम करने में मदद करती है। इस द्रव के गाढ़ा होने से जोड़ सख्त हो जाते हैं, जिससे उनमें दर्द और जकड़न की समस्या बढ़ सकती है।

सर्दियों में गठिया की समस्या (Arthritis Problem in Winter)
स्वास्थ्य विशेषज्ञ (Health Expert) कहते हैं कि सर्दियों में गठिया की समस्या के बढ़ने का एक कारण यह भी है कि इस मौसम में अक्सर लोगों की शारीरिक गतिविधि कम हो जाती है। व्यायाम कम करने और शारीरिक रूप से निष्क्रिय रहने के कारण मांसपेशियों में कमजोरी और जोड़ों में अकड़न पैदा हो सकती है। सर्दियों में सूरज की रोशनी भी कम निकलती है जो विटामिन-डी का स्रोत है। विटामिन-डी की कमी हड्डियों के लिए बहुत नुकसानदायक है।इस तरह की स्थितियों में अपनी हड्डियों को स्वस्थ रखने और गठिया की दिक्कतों से बचे रहने के लिए आप पहले से ही कुछ प्रयास कर सकते हैं।
ठंड से बचने की करें कोशिश
ठंड के मौसम में अपने शरीर को गर्म रखना जोड़ों की समस्याओं से बचे रहने के लिए सबसे जरूरी है। शरीर को गर्म रखने के लिए इलेक्ट्रिक कंबल, रूम हीटर या वार्मर का उपयोग करें। सर्दियों में ऊनी कपड़े और थर्मल पहनें, विशेषकर जोड़ों को ढककर रखें। इन उपायों की मदद से जोड़ों की अकड़न से बचा जा सकता है। जोड़ों की गर्म सेकाई करना भी अच्छा विकल्प है, इसकी मदद से भी आप लक्षणों को बिगड़ने से रोक सकते हैं।
यह भी पढ़ें: कावासाकी डिजीज से जूझ रहा था मुनव्वर फारूकी का बेटा, कहीं आपके बच्चे में भी तो नहीं हैं ऐसे लक्षण?
नियमित एक्सरसाइज जरूरी
नियमित व्यायाम की आदत संपूर्ण स्वास्थ्य को ठीक रखने के लिए जरूरी है। इसकी मदद से जोड़ों की गतिशीलता को भी बनाए रखने में मदद मिलती है। अगर ठंड के कारण टहलना बहुत मुश्किल है, तो योग और स्ट्रेचिंग जैसे हल्के इनडोर व्यायाम करें। व्यायाम मांसपेशियों की ताकत और जोड़ों की गतिशीलता को बनाए रखने में मदद करते हैं। डॉक्टर कहते हैं, जो लोग नियमित व्यायाम करते हैं उनमें गठिया या इसके कारण होने वाली समस्याओं का जोखिम कम होता है।

पर्याप्त नींद और इलाज पर दें ध्यान
जोड़ों को स्वस्थ रखने और गठिया की समस्या को बढ़ने से रोकने के लिए शरीर को पर्याप्त आराम देना और हर रात 6 से 8 घंटे सोना भी बहुत आवश्यक है। अच्छी नींद समग्र स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है। यह सूजन संबंधी प्रतिक्रियाओं को कम करने में भी मददगार है जिससे गठिया के लक्षणों को कम किया जा सकता है।इन सभी उपायों के साथ डॉक्टर द्वारा दी गई दवाओं और बताए गए उपायों का भी पालन जरूर करें। गठिया की समस्या अगर बढ़ती दिखे तो तुरंत चिकित्सक का परामर्श लें।