Kidney Stone का बड़ा कारण हो सकता है खराब पानी, जानिए अन्य वजहें

अगर आपके क्षेत्र में भी गंदा पानी सप्लाई हो रहा है तो इसे पीने से कई बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। दूषित पानी से पेट में इंफेक्शन, टाइफाइड, हैजा और हेपेटाइटिस जैसी बीमारियां हो सकती है। इतना ही नहीं दूषित पानी किडनी में पथरी का कारण भी बन सकता है। हाल ही में हुए एक रिसर्च में खुलासा हुआ है कि खराब पानी पीने से किडनी में पथरी (Kidney Stone) होने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इतना ही नहीं गंदा पानी पीने से बार-बार किडनी में स्टोन हो सकता है।
अमेरिकन यूरोलॉजिकल एसोसिएशन की सालाना बैठक में एक शोध में ये बात सामने आई। इस रिसर्च में करीब 1142 लोगों पर शोध किया गया, जिसमें 90 लोगों में पथरी का साइज दूसरे के मुकाबले काफी बड़ा पाया गया। ये सभी 90 लोग काफी प्रदूषण वाली जगहों पर रहते हैं। इन लोगों में दोबारा पथरी होने का खतरा भी दूसरों के मुकाबले ज्यादा पाया गया।

खराब पानी पीने से हो सकता है Kidney Stone
रिसर्च में शामिल लोगों में 46.6 प्रतिशत लोगों में दोबारा किडनी स्टोन होने का खतरा पाया गया। 41.1 प्रतिशत लोगों में कई पथरी होने का खतरा पाया गया। खराब पानी के कारण होने वाली पथरी का साइज भी बड़ा हो सकता है। पथरी का साइज 21 मिलीमीटर तक का हो सकता है।
यह भी पढ़ें: Slip Disc: स्लिप डिस्क की शिकायत से हैं परेशान, जानिए क्या है इसका समाधान
किडनी में पथरी के कारण (Reasons of Kidney Stone)
हालांकि, अभी तक किडनी में पथरी होने के मुख्य कारणों में खराब खाना और कम पानी पीने को ही माना जाता था। इसके अलावा जलवायु से जुड़े कारणों को भी जिम्मेदार माना जाता है। इसके अलावा शरीर में पानी की कमी होने से भी पथरी होने का खतरा बढ़ जाता है। ज्यादा नमक का सेवन करने से स्टोन हो सकता है। शरीर में प्रोटीन, कैल्शियम और सोडियम बढ़ने से भी पथरी होने की संभावना ज्यादा रहती है। भारत में पिछले कुछ सालों में पथरी की समस्या तेजी से बढ़ रही है। जिसमें शहरों में रहने वाले लोगों की संख्या ज्यादा पाई जा रही है।