Health Tips: सेंधा या आयोडाइज्ड नमक, कौन-सा है अधिक फायदेमंद? जानें


Health Tips in Hindi: नमक हम सभी के जीवन का एक अभिन्न हिस्सा है। नमक के महत्व को आप ऐसे समझ सकते हैं कि भारतीय रसोई में नमक के बिना संपूर्ण भोजन की कल्पना करना बहुत मुश्किल है। ध्यान देने वाली बात यह है कि पिछले कुछ वर्षों में साधारण नमक की जगह सेंधा नमक का उपयोग काफी बढ़ गया है। लोग इसे अधिक नेचुरल और मिनरल्स से भरपूर मानकर अपने आहार में शामिल कर रहे हैं। शरीर में आयोडीन की कमी होने पर थायराइड हार्मोन का उत्पादन कम हो जाता है, जिससे मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है और कब्ज, वजन बढ़ना, बालों का झड़ना व अत्यधिक ठंड लगने जैसी समस्याएं शुरू हो जाती हैं। डॉक्टर बताती हैं कि सेंधा नमक के बढ़ते क्रेज के कारण हाल के दिनों में ‘हाइपोथायरायडिज्म’ के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी देखी गई है। आइए इसी के बारे में विस्तार से जानते हैं।
थायराइड हेल्थ के लिए आयोडीन की भूमिका | Health Tips in Hindi
आयोडीन हमारे शरीर की कोशिकाओं के मेटाबॉलिज्म को नियंत्रित करने के लिए बहुत जरूरी हैं। अगर डाइट में आयोडीन युक्त नमक की कमी होगी, तो थायराइड ग्रंथि पर्याप्त हार्मोन नहीं बना पाएगी। इसकी वजह से शरीर के सभी सेल्स का फंक्शन धीमा पड़ जाता है। इसी कारण लोग थकान और सुस्ती महसूस करने लगते हैं। अक्सर लोगों को लगता है कि सेंधा नमक मिनरल्स का खजाना है। हालांकि डॉक्टर बताती हैं कि जितने मिनरल्स हमें सेंधा नमक से मिलते हैं, उतने तो हम अपनी सामान्य बैलेंस डाइट, नट्स और सीड्स से आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा सेंधा नमक से अधिक मिनरल्स पाने के चक्कर में अगर आप इसका अधिक सेवन करेंगे, तो इससे आपमें हाई बीपी का जोखिम बढ़ जाता है।
सेंधा नमक के बढ़ते उपयोग के जोखिम | Health Tips in Hindi
जैसे-जैसे लोग रिफाइंड नमक छोड़कर पूरी तरह सेंधा नमक पर निर्भर हो रहे हैं, वैसे-वैसे हाइपोथायरायडिज्म के मामले बढ़ रहे हैं। डॉक्टर ने चेतावनी देते हुए बताया कि बिना डॉक्टर के सलाह के आयोडीन को अपनी डाइट से पूरी तरह बाहर करना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। दोनों नमकों के अपने फायदे हैं, लेकिन संतुलन बनाए रखना जरूरी है। डॉक्टर प्रियंका के मुताबिक आप सेंधा नमक का सेवन कभी-कभी और सीमित मात्रा में कर सकते हैं लेकिन रोजाना के लिए आयोडीन युक्त नमक को ही प्रथमिकता दें। अगर आपको थायराइड की समस्या है, तो नमक के खुराक में बदलाव करने से पहले विशेषज्ञ से जरूर सलाह लें।





