Prostate: पुरुषों के लिए खतरे की घंटी हैं ये 5 संकेत, बढ़ जाता है प्रोस्टेट


Signs Of Prostate: पुरुषों के लिए प्रोस्टेट की सेहत हर उम्र में महत्वपूर्ण होती है, सिर्फ बुजुर्गों के लिए ही नहीं. खासकर 40 और 50 की उम्र पार कर चुके पुरुषों को अपने हेल्थ पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत होती है. परिवार के लोगों को भी उन्हें समय-समय पर हेल्थ चेकअप कराने के लिए प्रेरित करना चाहिए. प्रोस्टेट से जुड़ी एक आम समस्या बीइंग प्रोस्टेटिक हाइपरप्लासिया (BPH) यानी प्रोस्टेट का बढ़ना है. इसके शुरुआती लक्षण अक्सर यूरिन से जुड़ी आदतों में बदलाव के रूप में दिखाई देते हैं, जिन्हें कई लोग बढ़ती उम्र का सामान्य हिस्सा समझकर नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन इन संकेतों को समय रहते पहचानना जरूरी है, क्योंकि जल्दी इलाज से स्थिति को बेहतर तरीके से कंट्रोल किया जा सकता है.
प्रोस्टेट बढ़ने के 5 प्रमुख संकेत | Signs Of Prostate
यूरिन की धार कमजोर होना (Signs Of Prostate): अगर पेशाब की धार पहले की तुलना में कमजोर हो गई है या ब्लैडर खाली करने में ज्यादा समय लग रहा है, तो यह प्रोस्टेट बढ़ने का संकेत हो सकता है. ऐसा इसलिए होता है क्योंकि बढ़ा हुआ प्रोस्टेट यूरेथ्रा पर दबाव डालने लगता है, जिससे पेशाब का प्रवाह बाधित हो सकता है.
पेशाब शुरू करने में दिक्कत (Signs Of Prostate): कई पुरुषों को वॉशरूम जाने पर पेशाब शुरू होने में समय लगता है. अक्सर इसे थकान या पानी की कमी समझ लिया जाता है, लेकिन यह भी BPH का लक्षण हो सकता है. लगातार ऐसी परेशानी होने पर डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है.
ब्लैडर पूरी तरह खाली न होने का एहसास (Signs Of Prostate): प्रोस्टेट बढ़ने पर व्यक्ति को बार-बार पेशाब जाने की इच्छा हो सकती है, क्योंकि ब्लैडर पूरी तरह खाली नहीं हो पाता. इससे रोजमर्रा की दिनचर्या और कामकाज भी प्रभावित हो सकता है. हावर्ड हेल्थ के एक रिसर्च के मुताबिक 60 साल से ज्यादा उम्र के 60 प्रतिशत लोग जो बीइंग प्रोस्टेटिक हाइपरप्लासिया से प्रभावित हैं, उनको इस तरह की दिक्कत हो सकती है.
रात में बार–बार पेशाब के लिए उठना (Signs Of Prostate): अगर किसी व्यक्ति को रात में कई बार यूरिन के लिए उठना पड़ता है, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए. इससे नींद पूरी नहीं हो पाती और दिनभर थकान, चिड़चिड़ापन या तनाव महसूस हो सकता है.
अचानक पेशाब लगना या टपकना (Signs Of Prostate): कभी-कभी अचानक यूरिन लगने की तेज इच्छा होती है और उसे रोकना मुश्किल हो जाता है. कुछ मामलों में यूरिन टपकने की समस्या भी हो सकती है, जो प्रोस्टेट बढ़ने का संकेत हो सकता है.
क्या प्रोस्टेट बढ़ना गंभीर समस्या है? | Signs Of Prostate
अगर इन संकेतों को लंबे समय तक नजरअंदाज किया जाए तो यह ब्लैडर डैमेज, यूरिन इंफेक्शन या किडनी से जुड़ी समस्याओं का कारण बन सकता है. भारत में 60 वर्ष से अधिक उम्र के लगभग आधे पुरुषों में प्रोस्टेट बढ़ने की समस्या देखी जाती है.
इलाज के विकल्प | Signs Of Prostate
आज के समय में प्रोस्टेट बढ़ने का इलाज पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है. शुरुआती लक्षणों में दवाइयों जैसे अल्फा-ब्लॉकर्स और 5-अल्फा रिडक्टेज इनहिबिटर्स से राहत मिल सकती है. इसके अलावा वॉटर वेपर थेरेपी जैसी आधुनिक तकनीक भी उपलब्ध है, जिसमें भाप की मदद से प्रोस्टेट के बढ़े हुए हिस्से को छोटा किया जाता है. यह प्रक्रिया बिना बड़े ऑपरेशन के की जाती है और रिकवरी भी अपेक्षाकृत जल्दी हो जाती है.





