Lucknow Balrampur Hospital: गार्ड्स की मारपीट का VIDEO VIRAL, डिप्टी सीएम ने मांगी रिपोर्ट

Lucknow Balrampur Hospital: राजधानी स्थित बलरामपुर अस्पताल में 15 साल के बच्चे के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि अस्पताल में तैनात सिक्योरिटी गार्डों ने बच्चे की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गार्ड मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद बाद मामला स्वास्थ्य विभाग तक पहुंच गया। डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने मामले में संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के मुताबिक रात दो बजे मदेयगंज चौकी से पुलिस कुल पांच लोगों को मेडिकल कराने लाई थी। इनमें दो लोगों का मेडिकल हो गया था, जबकि तीन का पेपर न होने के चलते होना बाकी रह गया।
किसी बात को लेकर इन तीनों का विवाद ईएमओ डॉ. सुरूर अली से हो गया। मौके पर जब गार्ड्स पहुंचे तो कहासुनी बढ़ गई। देखते ही देखते मारपीट होने लगी। डिप्टी सीएम ने महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य को मामले की गंभीरता को देखते हुए खुद मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन दिन के अंदर जांच रिपोर्ट पेश करने को कहा है। मामले के बलरामपुर अस्पताल के निदेशक डॉ.विवेक गुप्ता ने बताया कि घटना को लेकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है। शासन की तरफ से जांच के आदेश भी दिए जा चुके है। तय समय से पहले ही जांच पूरी करने की कोशिश की जाएगी।




