KGMU Lucknow: 519 टीबी मरीजों को गोद लेकर वितरित की गई पोषण पोटली

KGMU Lucknow: अटल बिहारी वाजपेयी कन्वेंशन सेंटर (केजीएमयू) में प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय द्वारा एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं चिकित्सा एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री बृजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान केजीएमयू एवं उसके सहयोगियों द्वारा 519 टीबी मरीजों को गोद लिया गया तथा उन्हें पोषण पोटली वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य टीबी मरीजों को उपचार के साथ-साथ आवश्यक पोषण संबंधी सहयोग उपलब्ध कराना तथा टीबी उन्मूलन के प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाना है। इसी अवसर पर अटल बिहारी वाजपेयी कन्वेंशन सेंटर में एमबीबीएस फाइनल ईयर की 110 छात्राओं को एचपीवी वैक्सीनेशन की तीसरी डोज विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से निःशुल्क प्रदान की गई। यह पहल छात्राओं के स्वास्थ्य एवं सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

इस अवसर पर अपने उद्बोधन में कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने कहा कि केजीएमयू सदैव अपने सेवा भाव के लिए जाना जाता है। टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण सहयोग प्रदान करने की पहल मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने में सहायक होगी तथा समाज के प्रति चिकित्सा संस्थानों की जिम्मेदारी को भी प्रदर्शित करती है। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि टीबी के खिलाफ लड़ाई को हम सभी को मिलकर जारी रखना है और टीबी को जल्द से जल्द समाप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने होंगे। उन्होंने टीबी मरीजों को पोषण सहयोग उपलब्ध कराने जैसी पहलों की महत्ता पर भी बल दिया।



