Health Tips in Hindi: ऑफिस में बैठे-बैठे शरीर को एक्टिव रखने के ये तरीके जरूर जान लें


Health Tips in Hindi: ऑफिस में घंटों बैठकर काम करना आजकल लोगों की दिनचर्या बन चुकी है। कंप्यूटर और लैपटॉप पर काम करने के कारण अक्सर हम सभी घंटों एक ही जगह पर बैठे रहते हैं और अपनी सीट से नहीं उठते। इसका असर धीरे-धीरे शरीर की मांसपेशियों, कमर, गर्दन, आंखों और मेटाबॉलिक हेल्थ पर पड़ सकता है। मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि लंबे समय तक बैठे रहने के कारण शारीरिक गतिविधियां कम होती है, जिसके कारण मोटापा, डायबिटीज और दिल की बीमारियों का जोखिम काफी बढ़ जाता है। यही कारण है कि अक्सर लोगों को ऑफिस में काम करते समय कमर दर्द, गर्दन में अकड़न, आंखों में थकान और पैरों में भारीपन जैसी समस्याएं भी होने लगती हैं। अब सवाल ये है कि क्या कोई ऐसा तरीका है जिससे ऑफिस में काम करते-करते भी सेहत का ध्यान रखा जा सकता है?
सेहत का कैसे रखें ध्यान?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, शरीर को स्वस्थ रखने और बीमारियों से बचे रहने के लिए आपको ऑफिस का काम छोड़ने की जरूरत नहीं है। काम के बीच छोटी-छोटी गतिविधियां, बैठने का सही तरीका और कुछ आसान बदलाव आपकी सेहत को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं। ऑफिस में काम करने वाले लोगों को अपने खान-पान और धूम्रपान जैसी आदतों पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। डाइट में गड़बड़ी और सिगरेट की आदत आपके लिए जोखिमों को और भी बढ़ाने वाली हो सकती है।
ऑफिस में किन बातों का ध्यान रखें?
शरीर को स्वस्थ रखने के लिए ऑफिस में काम करते हुए कुछ बातों पर गंभीरता से ध्यान देते रहना चाहिए। लगातार बैठे रहने के बजाय कुछ मिनट खड़े हों, थोड़ा चलें या स्ट्रेचिंग करें। इससे लंबे समय तक बैठे रहने का समय टूटता है और शरीर सक्रिय रहता है। कमर को सहारा देकर बैठें। स्क्रीन आंखों के स्तर के आसपास रखें और पैरों को जमीन पर टिकाएं। इससे गर्दन और पीठ पर पड़ने वाला अतिरिक्त दबाव कम हो सकता है। कंप्यूटर पर लगातार काम करने से आंखों में सूखापन और थकान हो सकती है।
इसके लिए 20-20-20 नियम अपनाएं: हर 20 मिनट बाद 20 सेकंड के लिए लगभग 20 फीट दूर किसी चीज को देखें। नियमित रूप से पानी पीते रहें। पानी की पर्याप्त मात्रा शरीर के सामान्य कामकाज के लिए जरूरी है। जरूरत से कम पानी पीने से डिहाइड्रेशन हो सकता है। खाने के बाद 5-10 मिनट हल्की वॉक करें। इससे शारीरिक गतिविधि बढ़ती है और लंबे समय तक बैठे रहने की आदत कम होती है। संभव हो तो लिफ्ट की जगह सीढ़ियों का इस्तेमाल करें।
इन बातों का भी रखें ध्यान
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, ऑफिस में काम करने वाले लोगों को रोजाना अपनी दिनचर्या में शारीरिक गतिविधियों को जरूर शामिल करना चाहिए। सभी वयस्कों को सप्ताह में कम से कम 150 मिनट मध्यम तीव्रता वाली एक्सरसाइज करने की सलाह दी जाती है। सुबह या शाम के समय वॉक की आदत भी आपके लिए काफी फायदेमंद हो सकती है। ऑफिस में छोटे बदलाव भी लंबे समय में सेहत के लिए फायदेमंद हो सकते हैं।





