Alert: अक्सर सिरदर्द से रहते हैं परेशान, हर साल 2.5 लाख से अधिक लोगों की जा रही जान!

Headache Symptoms: अक्सर होने वाले सिरदर्द, सामान्य बुखार जैसी समस्याओं को हम में से अधिकतर लोग अनदेखा कर देते हैं, पर क्या आप जानते हैं कि कुछ स्थितियों में इसके गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभाव भी हो सकते हैं? सामान्य सी दिखने वाले येसमस्याएं कुछ स्थितियों में गंभीर अंतर्निहित बीमारियों का संकेत भी हो सकती हैं, जिसके कारण जान जाने का भी खतरा हो सकता है। दुनियाभर में ब्रेन ट्यूमर के बढ़ते जोखिमों को लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों को सावधान कर रहे हैं। आंकड़ों से पता चलता है कि हर साल ब्रेन ट्यूमर ढाई लाख से अधिक लोगों की मौत का कारण बन रहा है।
सिरदर्द को अनदेखा न करें | Headache Symptoms
साल 2020 में ब्रेन ट्यूमर और इसके कारण होने वाले कैंसर से 2.46 लाख लोगों की मौत हो गई। डॉक्टर बताते हैं, हो सकता है कि ब्रेन ट्यूमर होने के बावजूद भी आपको कई वर्षों तक इस बारे में पता ही न चले। कई मामलों में ट्यूमर का विकास इतनी धीमी गति से होता है कि इसके लक्षण नजर ही नहीं आते हैं। इस स्थिति में जरूरी है कि आप कुछ सामान्य संकेतों पर गंभीरता से ध्यान देते रहें। यही कारण है कि डॉक्टर अक्सर होने वाले सिरदर्द को अनदेखा न करने की सलाह देते हैं। आइए जानते हैं कि कैसे पता लगाया जा सकता है कि कहीं आपको ब्रेन ट्यूमर तो नहीं है?
आप इस गंभीर समस्या का शिकार हो सकते हैं | Headache Symptoms
ब्रेन ट्यूमर के लक्षणों के बारे में जानने से पहले ये समझ लेना आवश्यक है कि आखिर ब्रेन ट्यूमर होता क्या है? ब्रेन ट्यूमर, मस्तिष्क में या उसके आस-पास की कोशिकाओं में अनियंत्रित वृद्धि के कारण होता है। ये कैंसर कारक भी हो सकता है। अध्ययनों से पता चलता है कि मस्तिष्क में 120 से अधिक विभिन्न प्रकार के ट्यूमर विकसित हो सकते हैं। यदि परिवार में किसी को ब्रेन ट्यूमर हुआ हो तो अन्य लोगों को भी सावधान रहने की सलाह दी जाती है। इसके अलावा प्लास्टिक और रसायन उद्योग में काम करने वाले लोगों में भी इसका खतरा हो सकता है। आनुवांशिकता के साथ लाइफस्टाइल-आहार में गड़बड़ी के साथ कई तरह की पर्यावरणीय स्थितियों के कारण आप इस गंभीर समस्या का शिकार हो सकते हैं?

सिरदर्द होना ब्रेन ट्यूमर का सबसे आम संकेत | Headache Symptoms
डॉक्टर बताते हैं, ब्रेन ट्यूमर की स्थिति में आपको कई प्रकार की दिक्कतें होती रह सकती हैं, सिरदर्द होना इसका सबसे आम संकेत है। डॉक्टर कहते हैं, सिर में दर्द या दबाव जो सुबह के समय ज्यादा बढ़ जाता है या अक्सर बने रहने वाला सिरदर्द कई मामलों में ब्रेन ट्यूमर का संकेत हो सकता है। अगर आपको भी इस तरह की दिक्कत रहती है तो डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें। मस्तिष्क में होने वाले ट्यूमर के लक्षण इसके आकार और स्थान पर निर्भर करते हैं। कई मामलों में लक्षण इस बात पर भी निर्भर करते हैं कि ब्रेन ट्यूमर कितनी तेजी से बढ़ रहा है? सिरदर्द होना इसका प्रारंभिक संकेत माना जाता है, इसे अनदेखा न करें।
इसके कई तरह के लक्षण हो सकते हैं | Headache Symptoms
जिन लोगों को ब्रेन में ट्यूमर की समस्या होती है उन्हें कई प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम रहता है और इसके कई तरह के लक्षण हो सकते हैं।
- सिर में दर्द या दबाव जो सुबह के समय ज़्यादा होता है।
- बार-बार होता है और ज्यादा गंभीर रूप से होने वाला सिरदर्द।
- मतली या उल्टी जैसा महसूस होना।
- आंखों की समस्याएं, जैसे कि धुंधला दिखाई देना, दोहरी दृष्टि।
- हाथ या पैर में संवेदना या गति कम हो जाना।
- शारीरिक संतुलन और बोलने में कठिनाई महसूस होना।
- समय के साथ याददाश्त संबंधी समस्याएं होना।
- अक्सर चक्कर आना या ऐसा महसूस होना कि दुनिया घूम रही है।

समय पर इलाज जरूरी | Headache Symptoms
ब्रेन ट्यूमर के सभी मामले कैंसर वाले हों ये जरूरी नहीं है। समय पर इलाज से इसके गंभीर रूप लेने का खतरा कम किया जा सकता है। अगर आपकी उम्र अधिक है, आप मोटापे का शिकार हैं या फिर रसायनों के संपर्क में अधिक रहते हैं तो ब्रेन ट्यूमर के संकेतों पर गंभीरता से ध्यान देते रहना जरूरी है। समय पर अगर बीमारी का पता चल जाता है तो इसका इलाज और ठीक होने की संभावना भी बढ़ जाती है।