

Calorie Intake Per Day: शरीर को स्वस्थ रखने के लिए खान-पान को ठीक रखना सबसे जरूरी माना जाता है। वेट लॉस हो या डायबिटीज को कंट्रोल रखना, डॉक्टर्स कहते हैं इन सबके लिए जरूरी है कि आप ऐसे आहार का सेवन करें, जो लो कैलोरी और हाई फाइबर वाली हों। अच्छी सेहत और अच्छी फिटनेस का मूल मंत्र है आप आहार से जितनी कैलोरी ले रहे हैं, शारीरिक मेहनत से उससे अधिक कैलोरी बर्न करें। हमारे शरीर को ठीक तरीके से काम करते रहने के लिए ऊर्जा की आवश्यकता होती है, कैलोरी ही हमारे लिए ऊर्जा के रूप में काम करती है।
अगर ये शरीर में ज्यादा जमा हो जाए और खर्च कम हो तो शरीर का वजन और बीमारियां दोनों बढ़ने लगती हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की साल 2023 की रिपोर्ट कहती है कि दुनियाभर में 1 अरब से ज्यादा लोग मोटापे से जूझ रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या उन लोगों की है जो रोजमर्रा में जरूरत से ज्यादा कैलोरी ले रहे हैं। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) के मुताबिक, शहरी भारत में 70% लोग जरूरत से ज्यादा कैलोरी वाली चीजें खाते हैं।

कितना होना चाहिए रोजाना कैलोरी इंटेक? | Calorie Intake Per Day
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, अगर हम अपनी जरूरत के मुताबिक कैलोरी लें या कैलोरी बर्न करते रहें तो इससे न सिर्फ वजन कंट्रोल रहता है, बल्कि टाइप-2 डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, हृदय रोग और फैटी लिवर जैसी बीमारियों से भी बचाव होता है। अब सवाल है कि रोजाना हमें कितनी कैलोरी लेनी चाहिए, ज्यादा या कम कैलोरी लेने से शरीर पर क्या असर होता है? आहार विशेषज्ञ बताते हैं, कैलोरी ऊर्जा का माप है। हमारा शरीर जो भी काम करता है सब में ऊर्जा लगती है।
ये मुख्यरूप से हमें कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन और फैट वाली चीजों से मिलती है। इसे ऐसे समझा जा सकता है कि 1 ग्राम कार्बोहाइड्रेट 4 कैलोरी के बराबर होता है। 1 ग्राम प्रोटीन से 4 कैलोरी, 1 ग्राम फैट से 9 कैलोरी प्राप्त होती है। आईसीएमआर के मुताबिक, कैलोरी की जरूरत उम्र, लिंग, वजन, हाइट और शारीरिक लेवल पर निर्भर करती है। आहार विशेषज्ञों के मुताबिक वयस्क पुरुष को रोज 2400-2600 कैलोरी, महिलाओं को 2100 कैलोरी और बच्चों-किशोरों को 2200-2600 कैलोरी की आवश्यकता होती है।

अधिक कैलोरी के क्या नुकसान हैं? | Calorie Intake Per Day
अगर आप तय मात्रा से अधिक कैलोरी लेते हैं तो इसका शरीर पर कई प्रकार से नकारात्मक असर हो सकता है। कैलोरी ज्यादा लेने से वजन बढ़ने का खतरा होता है, जरूरत से ज्यादा कैलोरी शरीर में फैट के रूप में इकट्ठा होने लगती है। इसके अलावा आपको समय के साथ इंसुलिन रेजिस्टेंस भी हो सकता है, जिसे टाइप-2 डायबिटीज का कारण माना जाता है। कैलोरी की अधिकता हृदय रोग, ब्लड प्रेशर और मेटाबॉलिक सिंड्रोम जैसी समस्याओं के खतरे को भी बढ़ाने वाली हो सकती है।
लो कैलोरी भी ठीक नहीं? | Calorie Intake Per Day
कैलोरी की अधिकता तो खतरनाक है ही, साथ ही इसकी कमी का भी आपकी सेहत पर नकारात्मक असर हो सकता है। लो कैलोरी आपको कमजोर बना देती है, बहुत कम कैलोरी लेने से मांसपेशियां कमजोर हो जाती हैं। इसके अलावा पोषण की कमी से बाल झड़ने और स्किन खराब होने का खतरा भी बढ़ जाता है। लो कैलोरी के कारण महिलाओं में हार्मोनल असंतुलन और पीरियड्स में अनियमित का खतरा भी काफी बढ़ जाता है।

कैसे करें कैलोरी बैलेंस? | Calorie Intake Per Day
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, कैलोरी की जरूरत हर व्यक्ति के लिए अलग होती है। सही मात्रा में कैलोरी लेने से शरीर फिट और स्वस्थ रहता है। इसलिए जरूरी है कि आप कैलोरी बैलेंस बनाए रखें। इसके लिए आहार पर ध्यान दें। खाने की प्लेट में रंगीन चीजें जैसे सब्जियां, दाल, फल, अनाज शामिल करें। शुगर ड्रिंक्स से बचें और खूब पानी पीते रहें। इसके अलावा रोज कम से कम 30 मिनट की शारीरिक गतिविधि जरूरी है ताकि आपका शरीर अतिरिक्त कैलोरी को बर्न करता रहे और ये अनावश्यक रूप से एकत्रित होकर फैट न बनने पाए।





