Health Tips: बिगड़ जायेगी आपकी सेहत, शरीर में न होने दें प्रोटीन की कमी

Protein For Healthy Body: प्रोटीन हमारी सेहत के लिए सबसे अहम पोषक तत्वों में से एक है। यह न सिर्फ मांसपेशियों को मजबूत बनाता है, बल्कि हड्डियों, त्वचा, बाल और शरीर की हर कोशिका के विकास व मरम्मत में भी मदद करता है। अगर शरीर को पर्याप्त प्रोटीन नहीं मिले तो थकान, कमजोरी, बाल झड़ना और इम्युनिटी कमजोर होने जैसी समस्याएं शुरू हो सकती हैं। सभी उम्र के लोगों के लिए आहार के माध्यम से प्रोटीन प्राप्त करने की सलाह दी जाती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, हर व्यक्ति को अपनी उम्र, वजन और सक्रियता के हिसाब से रोजाना पर्याप्त प्रोटीन की जरूरत होती है। सामान्य तौर पर एक स्वस्थ व्यक्ति को प्रति किलोग्राम बॉडी वेट के अनुसार 0.8 से 1 ग्राम प्रोटीन लेना चाहिए। यानी अगर आपका वजन 60 किलो है, तो आपको लगभग 50 से 60 ग्राम प्रोटीन रोजाना चाहिए। वहीं, जिम करने वाले, खिलाड़ियों और गर्भवती महिलाओं को और अधिक मात्रा में प्रोटीन की आवश्यकता हो सकती है। क्या आपके आहार में पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन है?
आहार से जरूर प्राप्त करें प्रोटीन | Protein For Healthy Body
आहार विशेषज्ञ कहते हैं, भोजन से प्रोटीन प्राप्त किया जा सकता है। आमतौर पर मांसाहार भोजन को प्रोटीन से भरपूर माना जाता है हालांकि शाकाहारी लोग भी आसानी से भोजन से प्रोटीन पा सकते हैं। दालें, चना, राजमा, मूंगफली, सोयाबीन, टोफू, दूध, दही, पनीर इसका बेहतरीन प्रोटीन स्रोत हैं। वहीं नॉनवेज खाने वालों के लिए चिकन, मछली और अंडे खाने चाहिए। प्रोटीन की कमी को चिकित्सा भाषा में हाइपोपरोटीनीमिया कहा जाता है। इसकी वजह से शरीर धीरे-धीरे कमजोर होने लगता है और कई तरह की दिक्कतें होने लगती हैं।
शरीर को तंदुरुस्त रखने के लिए जरूरी है प्रोटीन | Protein For Healthy Body
आहार विशेषज्ञ कहते हैं, तंदुरुस्त शरीर हर किसी की चाहत होती है और इसके लिए कई तरह के व्यायाम और जिम का सहारा भी लिया जाता है। व्यायाम करने के दौरान काफी ऊर्जा खर्च होती है, इसके लिए प्रोटीन का सेवन करने की सलाह दी जाती है। अक्सर लोगों के मन में रहता है कि प्रोटीन वाली चीजों का सेवन कब करना चाहिए, विशेषतौर पर जो लोग व्यायाम करते हैं उनके मन में सवाल रहता है कि प्रोटीन कब लेना चाहिए व्यायाम से पहले या बाद?
कब लेना चाहिए प्रोटीन? | Protein For Healthy Body
व्यायाम के बाद प्रोटीन का सेवन मांसपेशियों की रिकवरी और विकास के लिए महत्वपूर्ण है, जबकि व्यायाम से पहले भी प्रोटीन का सेवन फायदेमंद हो सकता है। व्यायाम के बाद मांसपेशियों को प्रोटीन की आवश्यकता होती है ताकि वे रिपेयर हो सकें और मजबूत हो सकें और व्यायाम से पहले प्रोटीन लेने से मांसपेशियों को ईंधन मिलता है और प्रदर्शन में सुधार हो सकता है।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ? | Protein For Healthy Body
फिटनेस विशेषज्ञ कहते हैं, व्यायाम के साथ प्रोटीन लेना जरूरी है। यह एमीनो एसिड प्रदान करता है, जो मांसपेशियों की मरम्मत की प्रक्रिया को तेज करता है। प्रोटीन का सही समय पर सेवन शरीर को मजबूत बनाता है। व्यायाम करने वालों को व्यायाम से लगभग 30-60 मिनट पहले 15-20 ग्राम प्रोटीन का सेवन करना चाहिए। यह मांसपेशियों को कसरत के दौरान ऊर्जा प्रदान करता है। प्रोटीन का सेवन व्यायाम के बाद भी किया जा सकता है। ऐसा करने से मांसपेशियों में हुई टूट-फूट की मरम्मत और विकास में मदद मिलती है।