Weight Loss: जानिए वजन घटाने का सबसे आसान फॉर्मूला, इसे अपनाकर आपकी फिटनेस होगी बेहतर

Weight Loss: वजन बढ़ना मौजूदा समय में सेहत के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हई है। वर्ल्ड हार्ट फेडरेशन की एक रिपोर्ट के मुताबिक वैश्विक स्तर पर अधिक वजन (ओवरवेट) और मोटापा गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हैं जिससे एक अरब से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। साल 2022 में, 250 करोड़ से अधिक वयस्क अधिक वजन और 89 करोड़ लोग मोटापे से ग्रस्त थे। 1990 के बाद से वयस्कों में मोटापे की दर दोगुनी और किशोरों में चौगुनी अधिक हो गई है। विशेषज्ञों ने चिंता जताई है कि अगर यही प्रवृत्ति जारी रही तो अनुमान है कि साल 2025 के अंत तक 270 करोड़ से अधिक वयस्क अधिक वजन या मोटापे से ग्रस्त हो सकते हैं।
वजन बढ़ना सिर्फ शरीर के लुक को खराब करने वाली समस्या नहीं है, इसका असर आपके संपूर्ण स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है। तेजी से बढ़ती डायबिटीज, ब्लड प्रेशर और हृदय रोगों की समस्या के लिए भी इसे प्रमुख कारण के रूप में देखा जा रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, कई गंभीर बीमारियों से बचे रहना चाहते हैं तो सबसे जरूरी है कि कम उम्र से ही वजन को स्वस्थ बनाए रखने पर ध्यान देते रहें। पर ये होगा कैसे, वजन कैसे घटाया जाए? इसको लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने एक आसान सा फॉर्मूला बताया है, जिसका पालन करके आप भी स्वास्थ्य लाभ पा सकते हैं।
आहार में सुधार, सबसे जरूरी | Weight Loss
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, वेट लॉस करना चाह रहे हैं तो सबसे जरूरी है कि आप अपने आहार में सुधार करें। हम जो कुछ भी खाते पीते हैं उसका सेहत पर सीधा असर होता है। इसी को लेकर एक अध्ययन में वैज्ञानिकों ने पाया कि भले ही आपका खानपान अच्छा है, पर अगर आप थोड़ा भी अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड खाते हैं और इससे वजन घटाना मुश्किल हो सकता है। अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड्स में आर्टिफिशियल फ्लेवर, कलर, और प्रिजर्वेटिव होते हैं, जिन्हें सेहत के लिए पहले से हानिकारक माना जाता रहा है। यूके और अमेरिका के शोधकर्ताओं ने अधिक वजन वाले 50 से अधिक लोगों डेटा का विश्लेषण किया। इसमें पाया गया कि भले ही आप फलों और सब्जियों से भरपूर चीजों का सेवन करते हैं और थोड़ी मात्रा में ही अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड्स खाते हैं तो इससे भी वेट लॉस करना कठिन हो सकता है।
वेट लॉस करने के लिए 3-3-3 रूल | Weight Loss
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया, वजन कम करने की कोशिश में लगे लोगों के लिए 3-3-3 रूल का पालन करना लाभकारी हो सकता है। ये खाने और व्यायाम के एक सरल, संतुलित तरीके को दर्शाता है। इसमें दिन में तीन बार भोजन, प्रत्येक भोजन में तीन संतुलित पोषक तत्व वाली चीजें शामिल करना और प्रति सप्ताह कम से कम तीन घंटे व्यायाम करना शामिल है। शोधकर्ताओं ने पाया कि अगर इस रूल का सही तरीके से पालन कर लिया जाए तो ये वेट लॉस करने में काफी मददगार हो सकता है।
इन तीन बातों का रखें ध्यान | Weight Loss
-
संतुलित आहार ( सुबह का नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात का खाना) वेट लॉस करने के लिए महत्वपूर्ण है। नियमित अंतराल पर हल्का और पौष्टिक आहार लेना आपकी सेहत को ठीक रखने और वजन को कंट्रोल रखने में मददगार है।
-
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया अपने आहार में पोषक तत्वों को शामिल करना जरूरी है। आहार में प्रोटीन वाली एक चीज, एक फल या सब्जी और कम से कम एक कार्बोहाइड्रेट वाली चीज जरूर होनी चाहिए।
-
अच्छी सेहत और फिटनेस चाहते हैं तो सप्ताह में कम से कम तीन घंटे शारीरिक गतिविधि करने का लक्ष्य रखें, ये वेट लॉस में मददगार हो सकता है।