दूध हमारी सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है। हर उम्र के लोगों को दूध पीना चाहिए। हालांकि कई लोगों को सुबह के समय दूध पीने से गैस बनती है, ऐसे में रात के समय दूध पीना ज्यादा लाभदायक रहता है। यहीं नहीं, यदि आप शरीर से कमजोर हैं, तो सुबह के समय भी दूध पी सकते हैं, इससे भी आपको फायदा होगा।
चिकित्सक के मुताबिक सुबह के समय यदि आप दूध पीते हैं तो आपको खाली पेट नहीं पीना चाहिए। बच्चों को भी सुबह के समय सिर्फ दूध पिलाकर स्कूल नहीं भेजना चाहिए, उन्हें दूध के साथ-साथ कुछ ना कुछ खिलाना चाहिए। स्कूल जाने वाले बच्चों को दिन में दो से तीन बार दूध पिलाया जा सकता है।
रात को दूध पीना अधिक फायदेमंद
आयुर्वेदिक चिकित्सक वेदवती शर्मा के मुताबिक रात के समय दूध पीना ज्यादा फायदेमंद रहता है। इससे शरीर हील होता है और सबसे अच्छी बात यह रहती है कि डाइजेशन से जुड़ी समस्याओं में राहत मिलती है। छोटे बच्चे किसी भी समय दूध पी सकते हैं। दिन के बजाय रात को दूध पीना अधिक फायदेमंद होता है। यदि आप नियमित रूप से रात के समय दूध पीते है तो न सिर्फ नींद की गुणवत्ता सुधरती है, बल्कि सुबह पेट भी अच्छी तरह से साफ हो जाता है।
मांसपेशियां और हड्डियां मजबूत होती हैं
जिन लोगों से नियमित दूध की आदत होती है, उनकी मांसपेशियां और हड्डियां मजबूत होती हैं। खासकर रात के समय गर्म दूध पीने के बहुत सारे फायदे रहते हैं। दूध पीने से हड्डियां के साथ-साथ दांत की सेहत भी बनी रहती हैं। दूध कैल्शियम का अच्छा स्रोत होता है, जिसकी वजह से दांतों में राहत मिलती है। ग्रोइंग एज में बच्चों को दूध पिलाना चाहिए।
बच्चों व बड़ों दोनों में बनी रहेगी एनर्जी
दिन के समय भरपूर एनर्जी के लिए दूध पीना एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इसके नियमित सेवन से बच्चों व बड़ों दोनों में एनर्जी बनी रहेगी। दूध में प्रोटीन, कैल्शियम, विटामिन-बी12, विटामिन-डी और फॉसफोरस का उच्च स्त्रोत है। व्यस्क व्यक्ति भी दो से तीन कप दूध आराम से पी सकता है। यदि आपका वजन ज्यादा है, तो बिना क्रीम का दूध पीएं।