स्वास्थ्य और बीमारियां

गर्मियों में बढ़ जाती है UTI की समस्या, इग्नोर करने से बेहतर है बचाव

इस प्रचंड गर्मी में पसीने के साथ ही कई बैक्टीरिया, फंगस और वायरस शरीर पर अटैक करने लगते हैं। यही कारण है कि गर्मी के मौसम में इंफेक्शन होने की आशंका काफी बढ़ जाती है। इन्हीं इंफेक्शन में से एक बहुत ही कॉमन परेशानी है यूटीआई यानी यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन की, जिसे आम बोलचाल की भाषा में यूरिन इंफेक्शन कहा जाता है। एक सर्वे के अनुसार देश में प्रति वर्ष अप्रैल से जुलाई माह के दौरान यूटीआई के सबसे ज्यादा मामले सामने आते हैं। जाहिर है इसका कारण है गर्मी और उमस। यूटीआई का मुख्य कारण ई-कोलाई बैक्टीरिया होता है।

पुरुषों के मुकाबले महिलाओं को यूरिन इंफेक्शन की परेशानी ज्यादा होती है। शोध बताते हैं कि 25 में से करीब 10 महिलाओं और 3 पुरुषों को अपने जीवन काल में यूटीआई जरूर होता है। समय पर इस पर ध्यान नहीं देने के कारण यह किडनी इंफेक्शन का कारण भी बन सकता है। यूटीआई के 75 से 90 प्रतिशत मामले 40 से कम उम्र की महिलाओं में सामने आते हैं। न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. प्रियंका शेरावत ने हाल ही में यू​टीआई को लेकर अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर विस्तार से जानकारी शेयर की है।

यूरिन इंफेक्शन के लक्षण

यूरिन इंफेक्शन होने पर शरीर में कई लक्षण नजर आते हैं, जिनमें सबसे कॉमन है यूरिन पास करने के दौरान तेज जलन और दर्द होना। अगर आपको ऐसी समस्या हो रही है तो आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। इसी के साथ कुछ अन्य लक्षण भी इस दौरान नजर आते हैं। जैसे बार-बार यूरिन आना, यूरिन में खून आना, यूरिन में तेज गंध आना, कई बार इस इंफेक्शन के कारण पेल्विक एरिया में दर्द भी महसूस होता है। इंफेक्शन बढ़ने पर आपको हल्का बुखार भी हो सकता है।

गर्मियों में क्यों बढ़ता है खतरा

यूटीआई की समस्या किसी भी मौसम में हो सकती है, लेकिन गर्मियों में यह समस्या ज्यादा बढ़ जाती है। इसके कई कारण हैं। एक तो इस मौसम में पसीना ज्यादा आने के कारण बैक्टीरिया पनपने की आशंका ज्यादा होती है। इसी के साथ पसीना ज्यादा आने के कारण डिहाइड्रेशन होने लगता है, जिसके कारण यूरिन कम पास होता है। इस वजह से भी संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है। आमतौर पर यूटीआई यूरिनरी ट्रैक्ट के निचले भाग यानी ब्लैडर और यूरेथ्रा में ज्यादा होता है।

कैसे करें बचाव

  • पानी ज्यादा पिएं। दिनभर में कम से कम 3 से 4 ​लीटर पानी आप पिएं। इसी के साथ तरल पदार्थों का सेवन ज्यादा करें।
  • यूरिन को कभी भी रोके नहीं।
  • यूरिन इंफेक्शन बैक्टीरियल होता है, इसलिए बैक्टीरिया को पनपने से रोकें। अंतर्वस्त्र हमेशा सूती कपड़ों के पहनें। और इन्हें दिन में दो बार जरूर बदलें।
  • एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर खाद्य पदार्थों का सेवन करें। संतरा, दही, ग्रीन टी, टमाटर, अनार ​आदि का सेवन फायदेमंद रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button