गर्भावस्था

सावधानी बरतेंगी तो ओवेरियन Cancer को दे सकती हैं मात, पहचान लें शुरुआती लक्षण

ओवेरियन कैंसर दुनियाभर की महिलाओं के लिए बड़ा खतरा है। यह भारतीय महिलाओं में होने वाला तीसरा सबसे कॉमन कैंसर है। कैंसर से होने वाली कुल मौतों में से 3.33% इसी कैंसर के कारण होती हैं। ओवेरियन कैंसर 50 साल से अधिक आयु की महिलाओं में ज्यादा होता है। मोटापा इस कैंसर का खतरा और बढ़ा देता है। कई बार यह अनुवांशिक भी हो सकता है। लेकिन अगर शुरुआती लक्षणों को पहचान लिया जाये तो इससे राहत भी पाई जा सकती है।

क्यों बढ़ता है ओवेरियन कैंसर का खतरा

ओवेरियन कैंसर मुख्य रूप से ओवरी के टिशू से पनपता है। पेट के निचले हिस्से में दोनों तरफ ओवरी होती हैं। ओवरी ही हार्मोन्स का स्राव करती हैं और अंडाणुओं का उत्पादन करती हैं। ये दोनों ही महिलाओं में प्रजनन के लिए जरूरी है। साइंस के इतने विकास के बावजूद ओवेरियन कैंसर के कारणों का सटीक पता नहीं लगाया जा सका है। कई बार बढ़ती उम्र के साथ-साथ फैमिली हिस्ट्री और अनुवांशिक कारणों से भी यह हो सकता है। हालांकि समय पर इस कैंसर का पता चलने पर इसका इलाज संभव है।

पहचानें ओवेरियन कैंसर के ये लक्षण

पेट में सूजन या दर्द
ओवेरियन कैंसर का सबसे पहला और अहम लक्षण पेट में सूजन और दर्द होना है। कई बार पेल्विस में भी दर्द महसूस होता है। इसी के साथ आपको भूख कम लगने लगती है। थोड़ा-सा भोजन खाने पर भी आपका पेट बहुत जल्दी भर जाता है।

आंतों की समस्या
ओवेरियन कैंसर आपकी आंतों को भी प्रभावित करता है। इसके कारण आपको दस्त, अपच और कब्ज की समस्या हो सकती है। अगर घर का शुद्ध भोजन करने के बाद भी आप लगातार ऐसी समस्याओं से जूझ रही हैं तो आपको सचेत हो जाना चाहिए।

तेजी से वजन घटना
पेट दर्द और अपच के कारण ओवेरियन कैंसर से पीड़ित महिलाओं का वजन तेजी से कम होने लगता है। हालांकि कुछ मामलों में वजन बढ़ने भी लगता है। ये दोनों ही स्थितियां गंभीर हैं।

ज्यादा ब्लीडिंग होना
कई बार ओवरी का ट्यूमर इतना बड़ा हो जाता है कि पीड़िता को बहुत ज्यादा ब्लीडिंग होने लगती है। अगर आपको अपने पीरियड्स के पैटर्न में यह बदलाव नजर आ रहा है तो आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। कई बार बिना पीरियड्स के भी स्पॉटिंग होने लगती है जो काफी गंभीर है।

सेक्स के दौरान दर्द
अगर महिला को पार्टनर से संबंध बनाने के दौरान अत्यधिक दर्द हो तो यह नॉर्मल नहीं है। अगर लगातार ऐसी ही स्थिति का सामना कर रही हैं तो डॉक्टर को दिखाना चाहिए।

इन लक्षणों में कोई भी तीन अगर आपको एक-साथ महसूस हो रहे हैं तो आपको सावधान होने की जरूरत है। ऐसे में आपको तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button