Bone Health: कैल्शियम, वो पोषक तत्व जो हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाए रखने के लिए सबसे ज्यादा जरूरी है। ये पोषक तत्व हड्डियों और दांतों की संरचना को ठीक रखने और उन्हें मजबूती देने के लिए जरूरी माना जाता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी उम्र के लोगों को आहार में कैल्शियम वाली चीजों को जरूर शामिल करने की सलाह देते हैं। दूध-दही और पनीर जैसे डेयरी उत्पादों को कैल्शियम का मुख्य स्रोत माना जाता है। आप कई अन्य खाद्य पदार्थों से भी इसकी पूर्ति कर सकते हैं।
पर क्या हो अगर आपसे कहा जाए कि हड्डियों और दांतों की मजबूती के लिए सिर्फ कैल्शियम का सेवन करना ही पर्याप्त नहीं है? इतना ही नहीं भले ही आप कैल्शियम का सेवन करते हैं पर शरीर में कुछ अन्य विटामिन्स की कमी है तो इससे सारी मेहनत बेकार हो सकती है? हड्डियों को मजबूत बनाने और इससे संबंधित कई तरह की बीमारियों से बचे रहने के लिए आपके लिए ये जानना बहुत जरूरी हो जाता है।
सिर्फ कैल्शियम ही पर्याप्त नहीं?| Bone Health
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी उम्र के लोगों के लिए नियमित रूप से अपने आहार से कैल्शियम प्राप्त करना आवश्यक माना जाता है। अध्ययन की रिपोर्ट के अनुसार 19-50 वर्ष की आयु वाले पुरुषों और महिलाओं को नियमित रूप से 1,000 से 1300 मिलीग्राम कैल्शियम की जरूरत होती है। जिन लोगों में कैल्शियम की कमी हो जाती हैं उनमें आर्थराइटिस, ऑस्टियोपोरोसिस, दांतों की कमजोरी सहित कई अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। आप दूध, दही, पनीर, सोया दूध, टोफू और कुछ सब्जियों जैसे खाद्य पदार्थों से कैल्शियम प्राप्त कर सकते हैं। पर सिर्फ कैल्शियम ही पर्याप्त नहीं?

विटामिन-डी वाली चीजों का भी सेवन जरूरी | Bone Health
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, नियमित रूप से कैल्शियम का सेवन तो जरूरी है ही पर सिर्फ कैल्शियम ही हड्डियों और दांतों को स्वस्थ और मजबूत बनाए रखने के लिए पर्याप्त नहीं है। कैल्शियम के साथ आहार में विटामिन-डी वाली चीजों को भी शामिल किया जाना चाहिए। विटामिन-डी न सिर्फ हड्डियों को मजबूत बनाए रखने के लिए जरूरी है साथ ही शरीर में कैल्शियम के अवशोषण को बढ़ाने में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है।
विटामिन डी के बिना कुछ भी सही नहीं है | Bone Health
विटामिन-डी, कैल्शियम अवशोषण के लिए आवश्यक है। भले ही आप कैल्शियम वाली चीजें खाते हैं पर पर्याप्त मात्रा में विटामिन डी के बिना, आपका शरीर कैल्शियम को अवशोषित नहीं कर पाता है। यही कारण है जिन लोगों में विटामिन-डी की कमी हो जाती है उनकी हड्डियां काफी कमजोर होने लगती हैं। यदि आपको सूर्य की रोशनी से पर्याप्त विटामिन डी नहीं मिल रहा है, तो भोजन में कुछ चीजों या फिर डॉक्टर की सलाह पर सप्लीमेंट का सेवन करना होता है जिससे शरीर अच्छी तरीके से कैल्शियम अवशोषण कर सके।
सुबह कुछ वक्त धूप में जरूर बिताएं | Bone Health
दूध, दही और पनीर जैसे डेयरी खाद्य पदार्थों को कैल्शियम का अच्छा स्रोत माना जाता है। इसके अलावा कुछ पत्तेदार हरी सब्जियों और नट्स-सीड्स में भी कैल्शियम होता है, इसे भी आहार का हिस्सा जरूर बनाना चाहिए। यदि आपके आहार में पर्याप्त कैल्शियम नहीं है, तो आपको ऑस्टियोपोरोसिस होने का जोखिम बढ़ सकता है। कैल्शियम के अवशोषण को बढ़ाने के लिए दूध, पनीर, पत्तेदार सब्जियां, मशरूम, सोया वाली चीजों का सेवन करना चाहिए। सूर्य की रोशनी को विटामिन-डी का सबसे अच्छा स्रोत माना जाता है, इसलिए सुबह कुछ वक्त धूप में जरूर बिताएं।
