स्वास्थ्य और बीमारियां

महिलाओं में क्यों होता है वेजाइनल डिस्चार्ज, क्या इससे कैंसर का खतरा है?

महिलाओं में वेजाइनल डिस्चार्ज एक बेहद ही आम समस्या है जिसका किसी दूसरे से जिक्र करने में वे अक्सर कतराती हैं। हालांकि पीरियड्स के बारे में तो सभी महिलाओं को जानकारी होती है लेकिन वेजाइनल डिस्चार्ज की बात न करने और छुपाने के चक्कर में महिलाओं में इस समस्या को लेकर ज्यादा जानकारी नहीं होती। इसकी वजह से कई बीमारियां होने का खतरा बढ़ जाता है।

क्या होता है सफेद डिस्चार्ज

वेजाइना से सफेद रंग का चिपचिपा पदार्थ निकलता है, इसे ही वेजाइनल या सफेद डिस्चार्ज कहते है। ये अलग-अलग महिलाओं में अलग-अलग तरह का हो सकता है और यह किसी भी उम्र में हो सकता है। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर सुशीला गुप्ता बताती हैं कि वेजाइनल डिस्चार्ज महिलाओं में होने वाली बेहद ही आम समस्या है, अगर वेजाइना से निकलने वाला ये डिस्चार्ज सफेद रंग का और बिना बदबू वाला है तो घबराने की बात नहीं है लेकिन अगर इस वेजाइनल डिस्चार्ज के साथ कोई और सिम्पटम जैसे कि खुजली, बर्निंग, पेशाब करते हुए जलन होना, सूजन, दर्द और उस डिस्चार्ज के साथ बदबू आ रही है तो इस पर ध्यान देने की जरूरत है।क्योंकि जहां पीला और ग्रे डिस्चार्ज किसी इंफेक्शन की वजह से होता है तो वहीं ब्राउन डिस्चार्ज किसी ब्लीडिंग की वजह से हो सकता है, जिसका समय रहते पता लगाना बेहद जरूरी है।

सफेद डिस्चार्ज का इलाज कराना जरूरी

डॉक्टर कहते हैं कि ये डिस्चार्ज किसी तरह के इंफेक्शन की वजह हो सकता है। ये ज्यादातर फंगल इंफेक्शन या बैक्टीरियल इंफेक्शन की वजह से होता है। ऐसे इंफेक्शन को डॉक्टर से दिखाना बेहद जरूरी है क्योंकि अगर इसका उपचार न किया जाए तो समस्या बढ़ सकती है।

सर्वाइकल कैंसर का भी खतरा

ये डिस्चार्ज कई बार बच्चेदानी के मुंह पर किसी तरह के इंफेक्शन की वजह से भी हो सकता है, इसलिए स्त्री रोग विशेषज्ञ इस डिस्चार्ज के सही कारण का पता लगाकर उचित इलाज करती है। क्योंकि बच्चेदानी के मुंह पर किसी तरह के इंफेक्शन या सर्विक्स में हुए सर्वाइकल कैंसर की वजह से भी ऐसा हो सकता है। जिसका समय रहते पता लगाना बहुत जरूरी है क्योंकि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले कैंसर से होने वाली मौतों की सबसे बड़ी वजहों में से एक है।

क्या सर्वाइकल कैंसर का इलाज संभव है?

सर्वाइकल कैंसर का इलाज संभव है इसलिए समय रहते अगर इस गंभीर बीमारी का पता चल जाए तो इसका इलाज कर काबू पाया जा सकता है। वरना समय बीत जाने पर महिला की जान का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए अगर आपको भी किसी तरह के सफेद पानी या डिस्चार्ज की समस्या है तो स्त्री रोग विशेषज्ञ से जरुर संपर्क करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button