वेब स्टोरीजस्पेशलिस्टस्वास्थ्य और बीमारियां
Trending

KGMU में प्रदेश के प्रथम समग्र बोन एवं टिश्यू बैंक का शुभारंभ

KGMU: केजीएमयू के अस्थि रोग विभाग में उत्तर प्रदेश के प्रथम समग्र बोन एवं टिश्यू बैंक का शुभारंभ कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद द्वारा किया गया। अस्थि रोग विभागाध्यक्ष प्रो. आशीष कुमार, बोन एवं टिश्यू बैंक के इंचार्ज प्रो. कुमार शान्तनु, बोन एवं टिश्यू बैंक के सह-इंचार्ज डॉ. मधुसूदन, वरिष्ठ चिकित्सक, संकाय सदस्य, रेजिडेंट डॉक्टर एवं विभिन्न विभागों के चिकित्सक उपस्थित रहे। यह अत्याधुनिक बोन एवं टिश्यू बैंक बोन, लिगामेंट, टेंडन एवं अन्य मस्कुलोस्केलेटल टिश्यू के वैज्ञानिक रिट्रीवल, प्रोसेसिंग, संरक्षण, सुरक्षित भंडारण एवं आवश्यकता अनुसार वितरणके उद्देश्य से विकसित किया गया है। यह सुविधा जटिल बोन डिफेक्ट, बोन ट्यूमर, रिवीजन जॉइंट रिप्लेसमेंट, स्पाइन सर्जरी, स्पोर्ट्स इंजरी, लिगामेंट रिकंस्ट्रक्शन, लिंब साल्वेज तथा विभिन्न प्रकार की पुनर्निर्माण शल्यक्रियाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह बोन एवं टिश्यू बैंक केवल अस्थि रोग विभाग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्लास्टिक सर्जरी, न्यूरोसर्जरी, ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जरी, डेंटल विभाग, ऑन्कोलॉजी, बर्न एवं रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी सहित अनेक विभागों के रोगियों के उपचार में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। इससे उत्तर प्रदेश के साथ-साथ आसपास के राज्यों के मरीजों को भी लाभ मिलेगा। विवि कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने बताया कि बोन एवं टिश्यू बैंक की स्थापना केजीएमयू एवं उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।

मरीजों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण बोन एवं टिश्यू ग्राफ्ट होंगे उपलब्ध

इससे मरीजों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण बोन एवं टिश्यू ग्राफ्ट उपलब्ध होंगे तथा चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और नैतिक टिश्यू डोनेशन को नई दिशा मिलेगी। यह सुविधा प्रदेश में उन्नत पुनर्निर्माण शल्य चिकित्सा को और सुदृढ़ करेगी। अस्थि रोग विभागाध्यक्ष प्रो. आशीष कुमार ने बताया है कि यह सुविधा जटिल फ्रैक्चर, बोन ट्यूमर, रिवीजन जॉइंट रिप्लेसमेंट, स्पाइन सर्जरी, स्पोर्ट्स इंजरी, लिगामेंट रिकंस्ट्रक्शन तथा लिंब साल्वेज जैसी उन्नत शल्यक्रियाओं के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। बोन एवं टिश्यू बैंक के इंचार्ज प्रो. कुमार शान्तनु के मुताबिक, यह बोन एवं टिश्यू बैंक राष्ट्रीय मानकों एवं गुणवत्ता दिशा-निर्देशों के अनुरूप विकसित किया गया है। इसमें डोनर स्क्रीनिंग, संक्रमण की जांच, स्टरल रिट्रीवल, वैज्ञानिक प्रोसेसिंग, ट्रिपल स्टरल पैकेजिंग, पूर्ण ट्रेसेबिलिटी, गुणवत्ता नियंत्रण तथा अल्ट्रा-लो टेम्परेचर संरक्षण की अत्याधुनिक व्यवस्था उपलब्ध है। प्रत्येक बोन एवं टिश्यू ग्राफ्ट को एक विशिष्ट बोन बैंक आईडी प्रदान की जाएगी, जिससे उसकी पूर्ण ट्रेसेबिलिटी एवं रोगी सुरक्षा सुनिश्चित होगी। यह सुविधा अनेक विभागों को बोन, लिगामेंट एवं अन्य मस्कुलोस्केलेटल टिश्यू ग्राफ्ट उपलब्ध कराएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button