Sehat ki baat: चिया सीड्स या अलसी सीड्स, दिल को हेल्दी रखने के लिए कौन से ज्यादा फायदेमंद?


Sehat ki baat: दुनियाभर में दिल की बीमारियों का खतरा देखा जा रहा है, कम उम्र के लोग भी इसका शिकार देखे जा रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, हार्ट हेल्थ को ठीक रखने के लिए डाइट में सुधार करना सबसे जरूरी है। यही वजह है कि दिल को स्वस्थ रखने के लिए लोग अपनी डाइट में कई तरह के हेल्दी फूड्स शामिल कर रहे हैं। क्या आप जानते हैं कि कुछ सीड्स भी दिल की सेहत को ठीक रखने में मदद कर सकते हैं। चिया सीड्स और अलसी के बीज अपने स्वास्थ्य लाभ के लिए काफी लोकप्रिय हैं। दोनों में फाइबर, ओमेगा-3 फैटी एसिड और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद माने जाते हैं। जब बात दिल की सेहत की आती है तो सबसे बड़ा सवाल यही रहता है कि कौन से सीड्स सबसे ज्यादा फायदेमंद हैं चिया सीड्स या अलसी के सीड्स? आइए इस बारे में जान लेते हैं।
मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि दोनों बीजों के अपने फायदे हैं। चिया सीड्स में फाइबर और मिनरल्स अच्छी मात्रा में होते हैं, जबकि अलसी के बीज खासतौर पर प्लांट-बेस्ड ओमेगा-3 फैटी एसिड और लिग्नान के लिए जाने जाते हैं। आइए जानते हैं कि दिल को स्वस्थ रखने के लिए इन दोनों में से कौन-सा अच्छा है?
ओमेगा-3 फैटी एसिड
चिया सीड्स अल्फा-लिनोलेनिक एसिड (एएलए) नाम का प्लांट-बेस्ड ओमेगा-3 फैटी एसिड होता है। यह शरीर में सूजन और हृदय संबंधी जोखिमों को कम करने में फायदेमंद हो सकता है। अलसी भी एएलए का अच्छा स्रोत है। इसके अलावा इसमें लिग्नान नाम के पौधों से मिलने वाले यौगिक होते हैं, जिनमें एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं। 28 ग्राम चिया सीड्स में करीब 5 ग्राम एएलए और इतनी ही मात्रा में अलसी में लगभग 6 ग्राम एएलए होता है।
कोलेस्ट्रॉल और ब्लड प्रेशर
चिया सीड्स और अलसी, दोनों में फाइबर होता है। खासतौर पर घुलनशील फाइबर बैड कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने में मदद कर सकता है। अलसी पर हुए कुछ अध्ययनों में कोलेस्ट्रॉल और ब्लड प्रेशर में मामूली सुधार देखा गया है। चिया सीड्स पर भी शोध हुआ है, लेकिन इनके हृदय संबंधी फायदों के प्रमाण अभी सीमित और मिले-जुले हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सिर्फ इन बीजों को खाने से हृदय रोगों का खतरा खत्म नहीं होता। ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल, डायबिटीज और धूम्रपान जैसे दूसरे जोखिमों को कंट्रोल करना भी जरूरी है।
ये बातें भी जानिए
चिया और अल्सी दोनों ही सीड्स को दलिया, दही, स्मूदी या सलाद में शामिल किया जा सकता है। चिया सीड्स को पानी या किसी दूसरे तरल में भिगोकर खाना बेहतर माना जाता है। दिल की सेहत के लिए चिया सीड्स और अलसी दोनों अच्छे विकल्प हैं।





