गर्भावस्थाग्रूमिंग टिप्सडाइट और फिटनेसपरवरिशपोषणवेब स्टोरीजस्पेशलिस्टस्वास्थ्य और बीमारियां
Trending

Mask and Air Pollution: प्रदूषण में N95 या N99, कौन सा मास्क है बेहतर?

Mask and Air Pollution: दिल्ली-NCR में प्रदूषण बढ़ते ही लोगों की चिंता भी बढ़ने लगती है. सुबह घर से निकलते समय धुंध और स्मॉग के बीच सांस लेना मुश्किल महसूस होता है. ऐसे में कई लोग बचाव के लिए मास्क का इस्तेमाल कर रहे हैं. बाजार में N95 और N99 जैसे कई विकल्प मौजूद हैं, लेकिन इनके नाम और फिल्ट्रेशन क्षमता को लेकर अक्सर उलझन रहती है. कुछ लोगों को लगता है कि N99 मास्क ज्यादा नंबर वाला है, इसलिए वह हर हाल में बेहतर होगा. वहीं कुछ लोग रोजाना इस्तेमाल के लिए N95 को सही मानते हैं. लेकिन असल में कौन सा मास्क चुनना चाहिए और खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है?

N95 और N99 में आखिर क्या है अंतर?

N95 और N99 दोनों खास तरह के रेस्पिरेटर मास्क हैं, जिन्हें हवा में मौजूद बारीक कणों को फिल्टर करने के लिए बनाया जाता है. इनके नाम में दिया गया नंबर इनकी फिल्ट्रेशन क्षमता बताता है. मानक परीक्षण के दौरान N95 कम से कम 95 प्रतिशत और N99 कम से कम 99 प्रतिशत कणों को फिल्टर करने की क्षमता रखता है. यानी कागज पर देखें तो N99 की फिल्ट्रेशन क्षमता N95 से अधिक है.

इसका मतलब यह नहीं है कि N99 पहनने वाला हर व्यक्ति प्रदूषण से पूरी तरह सुरक्षित हो जाएगा. मास्क की असली उपयोगिता इस बात पर भी निर्भर करती है कि वह चेहरे पर कितनी अच्छी तरह फिट बैठता है. अगर नाक, गाल या ठुड्डी के पास खाली जगह रह जाती है, तो बाहर की प्रदूषित हवा उन जगहों से अंदर जाती है. इसलिए रोजाना बाहर आने-जाने वाले लोगों के लिए अच्छी क्वालिटी का सही फिटिंग वाला N95 भी एक ठीक ऑप्शन है.

मास्क खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान

मास्क खरीदते समय सिर्फ N95 या N99 लिखा देखकर फैसला न करें. उसकी क्वालिटी और कंपनी की जानकारी जरूर जांचें. ऐसा मास्क लें जो नाक, मुंह और ठुड्डी को अच्छी तरह ढक सके. उसकी नोज क्लिप और स्ट्रैप भी सही होने चाहिए, ताकि किनारों से हवा अंदर न जाए. अगर मास्क गंदा, गीला या फट जाए, तो उसे बदल दें. डिस्पोजेबल मास्क को धोकर दोबारा इस्तेमाल न करें.

क्या N95 और N99 गैसों से भी बचाते हैं?

N95 और N99 मास्क धूल, धुएं और PM2.5 जैसे बारीक कणों को रोकने में मदद करते हैं, लेकिन ये सभी जहरीली गैसों से बचाव नहीं करते. इसलिए मास्क पहनने के बाद भी प्रदूषण में ज्यादा देर बाहर रहने से बचें. बाहर निकलने से पहले AQI जरूर देखें और हवा ज्यादा खराब होने पर गैरजरूरी काम टाल दें. याद रखें, महंगा मास्क ही बेहतर हो, यह जरूरी नहीं है. सही फिटिंग वाला अच्छी क्वालिटी का मास्क ज्यादा जरूरी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button