Health Tips in Hindi: जोड़ों के दर्द और मोटापे का एक साथ समाधान, डाइट में शामिल करें ये सुपरफूड


Health Tips in Hindi: लाइफस्टाइल और खानपान की गड़बड़ी ने कम उम्र वालो में भी उन बीमारियों का खतरा बढ़ा दिया है, जो पहले बुजुर्गों में देखी जाती थीं। आर्थराइटिस ऐसी ही बीमारी है। खराब जीवनशैली, शारीरिक गतिविधियों में कमी और बढ़ते वजन के कारण कम उम्र के लोग भी जोड़ों के दर्द और सूजन से परेशान हो रहे हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, गठिया के जोखिमों को कम करने और इसके लक्षणों को मैनेज करने के लिए वजन को कंट्रोल करना बहुत जरूरी है। मसलन अगर आपका वजन ज्यादा है तो इसका असर आपके घुटनों की सेहत पर भी पड़ सकता है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या कोई ऐसा खाद्य पदार्थ है जो वजन घटाने के साथ जोड़ों की सूजन में भी राहत देने में मदद कर सके? आइए इस बारे में विस्तार से जानते हैं।
डाइट में शामिल करें अलसी सीड्स
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, अगर हम सभी अपने खान-पान में ही सुधार कर लें तो इसे कई बीमारियों का जोखिम कम हो सकता है। डाइट में नट्स-सीड्स को शामिल करना सेहत को कई तरह के लाभ दे सकता है। अलसी के बीज यानी फ्लैक्स सीड्स आपके लिए अच्छा विकल्प हैं। अलसी पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत है। इसमें फाइबर, प्रोटीन और ओमेगा-3 फैटी एसिड पाया जाता है, जो शरीर को कई तरह से लाभ पहुंचाते हैं। नियमित और संतुलित मात्रा में इसका सेवन वजन कंट्रोल रखने, कोलेस्ट्रॉल और ब्लड प्रेशर बढ़ने से रोकने और घुटनों को मजबूत करने में भी मददगार है। अलसी में थायमिन यानी विटामिन बी1 भी मौजूद होता है, जो शरीर के मेटाबॉलिज्म और कोशिकाओं के सामान्य कामकाज में फायदेमंद माना जाता है।
गठिया में कैसे फायदेमंद है अलसी?
अलसी में अल्फा-लिनोलेनिक एसिड नाम का ओमेगा-3 फैटी एसिड होता है। इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो शरीर में सूजन को कम करने की प्रक्रिया में मदद कर सकते हैं। गठिया में जोड़ों के आसपास सूजन, दर्द और अकड़न जैसी समस्याएं होती हैं। ऐसे में ओमेगा-3 से भरपूर खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करना फायदेमंद हो सकता है। अलसी और इसके तेल में लिग्नन्स नामक तत्व होते हैं, जिनमें एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं। ये ओमेगा-3 का अच्छा स्रोत भी है, जो शरीर में सूजन को कम करने में मदद करता है।
वजन घटाने में भी मिलती है मदद
अलसी में मौजूद घुलनशील फाइबर पाचन की प्रक्रिया को धीमा करता है। इससे लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस हो सकता है और बार-बार भूख लगने या जरूरत से ज्यादा खाने की आदत को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है। यही वजह है कि वजन कम करने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए अलसी लाभकारी हो सकती है। वजन कम होने से घुटनों और कूल्हों जैसे वजन उठाने वाले जोड़ों पर दबाव घटता है, जिससे गठिया के लक्षणों को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।




