झड़ते बालों के लिए बायोटिन सप्लीमेंट्स कारगर हैं या हानिकारक, जानें विशेषज्ञ की राय

समय के साथ बालों की समस्या लोगों में काफी आम होती जा रही है। कम उम्र में ही लोग बालों के झड़ने के शिकार हो रहे हैं। 30-40 की उम्र तक बालों की संख्या काफी कम हो जाती है, यहां तक कि गंजेपन की दिक्कत भी बढ़ जाती है। झड़ते बालों को रोकने के लिए कई तरह के उपायों को प्रयोग में लाया जाता रहा है। बालों की समस्या को दूर करने के लिए बायोटिन सप्लीमेंट्स काफी चर्चा में रहे हैं। पर क्या वास्तव में इससे बालों को पोषण मिलता है और बालों का झड़ना रुक सकता है?
क्या बालों के लिए बायोटिन सप्लीमेट्स लाभकारी है?
आपने किसी मित्र, सहकर्मी को यह कहते हुए जरूर सुना होगा कि एक बायोटिन सप्लीमेट्स बालों की समस्या को रोकने में मदद कर सकते हैं। दरअसल बायोटिन, विटामिन-बी का ही एक प्रकार है। बायोटिन, केराटिन नामक एक फाइबर प्रोटीन के उत्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ये प्रोटीन आपके बालों और नाखूनों के विकास के लिए जरूरी है। तो क्या इससे बालों के झड़ने की समस्या को रोकने में मदद मिल सकती है? ये बड़ा सवाल है।
बायोटिन पर अध्ययन
शोधकर्ता बताते हैं, बायोटिन के आपके शरीर के लिए कई फायदे हैं। इसकी प्राथमिक भूमिका है कि आपके द्वारा खाए गए भोजन को ऊर्जा में बदलने में मदद करना है। कई खाद्य पदार्थों में बायोटिन होता है, जिसका मतलब है कि संतुलित आहार का सेवन करने से इसकी पूर्ति आसानी से की जा सकती है।
Also Read – प्रेग्नेंसी में बथुआ है जान का दुश्मन, प्रजनन क्षमता भी होती है प्रभावित
साल 2012 में किए गए एक अध्ययन में, पतले-कमजोर बालों की समस्या से परेशान महिलाओं को 6 महीने के लिए बायोटिन या प्लेसबो दिया गया। शोध में पाया गया कि सप्लीमेंट लेने वाले ग्रुप की महिलाओं के बालों का विकास, बालों की संख्या में बढ़ोतरी हुई। हालांकि सप्लीमेंट्स में कई और तत्व जैसे जिंक और आयरन भी शामिल थे। ऐसे में अध्ययन के निष्कर्ष कहते हैं कि अकेले बायोटिन को बहुत प्रभावी नहीं माना जा सकता है।
क्या है विशेषज्ञों की राय?
त्वचा रोग के विशेषज्ञ कहते हैं कि बालों के विकास के लिए अकेले बायोटिन सप्लीमेंट्स से फायदा हो सकता है, इसे प्रमाणित करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं हैं। लेकिन बालों को झड़ने को रोकने में इससे जरूर लाभ हो सकता है। बाल झड़ने की शिकायत करने वाली 38% महिलाओं में बायोटिन की कमी पाई गई है। अगर आप भी बालों की समस्या से परेशान हैं तो डॉक्टर की सलाह पर सप्लीमेंट्स का सेवन कर सकते हैं। पर खुद से इसका सेवन नहीं करें, यह सभी लोगों के लिए लाभकारी हो इसकी गारंटी नहीं है।
बायोटिन सप्लीमेंट्स के हो सकते हैं साइड-इफेक्ट्स
बायोटिन सप्लीमेंट्स सुरक्षित हैं लेकिन कुछ लोगों में इसके साइड इफेक्टस भी हो सकते हैं –
- बायोटिन की अधिक मात्रा अनिद्रा, अत्यधिक प्यास लगने और पेशाब से संबंधित समस्याओं का कारण बन सकती है।
- बालों का पतला होना और बालों के विकास की समस्या कभी-कभी बायोटिन की कमी से जुड़ी हो सकती है।
- समस्या के सही निदान के लिए डॉक्टर से जरूर मिलें और उन्हीं की सलाह पर ही बायोटिन सप्लीमेंट्स का सेवन करें।