भीषण गर्मी से हैं परेशान, आसान विधि से घर पर ही मसाला शिकंजी करें तैयार

How To Make Masala Shikanji: शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति होगा, जिसे गर्मी के मौसम में ठंडी चीजों का सेवन पसंद नहीं होगा। इस मौसम में बाजार से लेकर घरों तक में ऐसे पेय पदार्थ रखे रहते हैं, जिनके सेवन से शरीर को ठंडक मिलती है। बाजार में मिलने वाले पेय पदार्थों की वजह से कई बार तबियत खराब होने का डर रहता है। इसी वजह से लोग इसके सेवन से थोड़ा बचते हैं।
अब आपको बचने की जरूरत नहीं है, क्योंकि हम घर पर ही आपको मसाला शिकंजी बनाने की विधि बताएंगे। गर्मियों में शरीर को ठंडक देने और थकान दूर करने के लिए शिकंजी एक बेहतरीन देसी ड्रिंक है। यदि आप घर पर मसाला शिकंजी बनाएंगे तो इसमें किसी तरह का कोई केमिकल नहीं मिला होगा। ऐसे में आप बिना झिझके इसे पी सकते हैं। तो चलिए आपको बताते हैं, कि घर पर मसाला शिकंजी कैसे बनाएं।
दो गिलास मसाला शिकंजी बनाने का सामान | How To Make Masala Shikanji
- नींबू – 2
- पुदीना
- भुना जीरा पाउडर – ½ छोटा चम्मच
- काला नमक – ½ छोटा चम्मच
- सादा नमक – स्वादानुसार
- काली मिर्च पाउडर – 1 चुटकी
- चीनी – 1 से 1½ चम्मच

विधि | How To Make Masala Shikanji
- मसाला शिकंजी बनाने के लिए सबसे पहले एक कटोरी में नींबू का रस निकाल लें। रस निकालने के बाद इसमें से नींबू के बीजों को निकाल दें। इसके बाद मिक्सर में डालकर पुदीने को पीस लें।
- जब पुदीना पिस जाए तो एक जग में पानी लेकर उसमें नींबू का रस डालें। इसके बाद इसमें पिसा हुआ पुदीना और चीनी डालकर मिक्स करें। इसे तब तक चलाएं, जब तक चीनी घुल न जाए।
- जब ये पूरी तरह से घुल जाए तो इसे दूसरे बर्तन में छान लें, ताकि पुदीने के बचे हुए तत्व इसमें से निकल जाएं। अब बारी आती है इसमें अन्य सामान डालने की तो अब इसमें काला नमक, भुना जीरा पाउडर, काली मिर्च और नमक डालें।
- सभी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स करने के बाद इसे थोड़ी देर के लिए फ्रिज में रख दें। सर्व करते समय बर्फ के टुकड़े डालें और ऊपर से थोड़े पुदीने के पत्ते सजाएं। बस अब आप इसे परोस सकते हैं।
