Bad Food Combinations: गर्मियों में सावधान! तरबूज के बाद ये चीजें खा लीं तो हो जाएगी तबीयत खराब


Bad Food Combinations: गर्मियों में तरबूज शरीर को ठंडक पहुंचाने और पानी की कमी दूर करने के लिए सबसे ज्यादा खाए जाने वाले फलों में शामिल है। लेकिन कई बार गलत फूड कॉम्बिनेशन सेहत पर भारी पड़ सकते हैं। हाल ही में गोरखपुर जिले के बेलीपार थाना क्षेत्र के मलांव गांव में फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया, जहां एक ही परिवार के 10 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि सभी ने पहले तरबूज खाया और उसके बाद मैगी खाई। इसके बाद उल्टी, दस्त और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याएं शुरू हो गईं। फिलहाल सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार, कुछ खाद्य पदार्थों के साथ तरबूज खाने से पाचन संबंधी दिक्कतें बढ़ सकती हैं। तरबूज में पानी और प्राकृतिक शुगर की मात्रा अधिक होती है, इसलिए इसे गलत चीजों के साथ खाने से पेट खराब, गैस और फूड प्वाइजनिंग जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में यह जानना बेहद जरूरी है कि तरबूज खाने के बाद किन चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए।
दूध और डेयरी प्रोडक्ट्स | Bad Food Combinations
तरबूज खाने के तुरंत बाद दूध, दही, पनीर या अन्य डेयरी प्रोडक्ट्स का सेवन करने से पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। दरअसल, तरबूज में पानी की मात्रा बहुत अधिक होती है, जबकि दूध को पचने में समय लगता है। दोनों को एक साथ लेने से पेट में गैस, भारीपन, अपच और एसिडिटी की शिकायत हो सकती है। कई लोगों को इससे उल्टी और दस्त जैसी समस्या भी होने लगती है। इसलिए विशेषज्ञ तरबूज और डेयरी प्रोडक्ट्स के बीच कम से कम 30 से 45 मिनट का अंतर रखने की सलाह देते हैं।
तला-भुना खाना | Bad Food Combinations
तरबूज हल्का और जल्दी पचने वाला फल माना जाता है, लेकिन इसके बाद तला-भुना या ज्यादा ऑयली खाना खाने से पाचन तंत्र पर दबाव बढ़ सकता है। समोसा, पकौड़े, चिप्स या फास्ट फूड जैसी चीजें पेट में भारीपन पैदा कर सकती हैं। इससे गैस, एसिडिटी और पेट दर्द की परेशानी हो सकती है। गर्मियों में यह समस्या और ज्यादा बढ़ सकती है क्योंकि शरीर पहले से ही गर्म मौसम की वजह से संवेदनशील रहता है।
मसालेदार भोजन | Bad Food Combinations
तरबूज खाने के तुरंत बाद ज्यादा मसालेदार भोजन करना भी नुकसानदायक माना जाता है। तीखे मसाले पेट में जलन और एसिडिटी बढ़ा सकते हैं। तरबूज शरीर को ठंडक देता है, जबकि मसालेदार भोजन शरीर में गर्मी बढ़ाने का काम करता है। ऐसे में दोनों का गलत कॉम्बिनेशन पाचन बिगाड़ सकता है और कई बार पेट में ऐंठन या बेचैनी की वजह बन सकता है।
पानी तुरंत न पिएं | Bad Food Combinations
तरबूज में पहले से ही भरपूर मात्रा में पानी मौजूद होता है। ऐसे में इसे खाने के तुरंत बाद ज्यादा पानी पीने से पाचन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इससे पेट फूलना, गैस और दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं। डॉक्टरों के अनुसार, तरबूज खाने के कम से कम 20 से 30 मिनट बाद ही पानी पीना बेहतर माना जाता है।
प्रोसेस्ड फूड | Bad Food Combinations
नूडल्स और अन्य प्रोसेस्ड फूड में प्रिजर्वेटिव और मसालों की मात्रा अधिक होती है। इन्हें तरबूज के साथ या तुरंत बाद खाने से पेट खराब होने का खतरा बढ़ सकता है। खासकर गर्मियों में खराब या दूषित खाना फूड प्वाइजनिंग की वजह बन सकता है। इसलिए हल्के और ताजे भोजन के साथ ही तरबूज का सेवन करना ज्यादा सुरक्षित माना जाता है।





