हेल्थ के लिए दही बेहद फायदेमंद माना जाता है। इसमें कैल्शियम, प्रोबायोटिक्स और प्रोटीन जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो पाचन तंत्र को हेल्दी रखते हैं और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं। मगर, क्या आप जानते हैं कि दही के साथ कुछ चीजों का सेवन करने से स्वास्थ्य (Health) को नुकसान हो सकता है? आइए, आज हम आपको दही से सही सेवन के बारे में बताते हैं…
दही और फिश का सेवन साथ न करें
दही और फिश का एक साथ सेवन करना आयुर्वेद के मुताबिक स्वास्थ्य के लिए हानिकारक माना गया है। आयुर्वेद के सिद्धांतों के मुताबिक, दही और मछली दोनों की प्रकृति अलग होती है। दही एक ठंडी तासीर वाली डाइट है, जबकि मछली गर्म तासीर वाली मानी जाती है। दोनों को एक साथ मिलाने से शरीर में असंतुलन हो सकता है, जो पाचन समस्याओं, त्वचा रोग और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है।

दही और खट्टे फल
दही में खट्टे फल जैसे संतरा, नींबू या अन्य साइट्रस फलों का सेवन करने से भी बचना चाहिए। दही पहले से ही थोड़ा खट्टा होता है और खट्टे फल उसमें मिलाने से इसकी एसिडिटी बढ़ जाती है। इससे पाचन संबंधी समस्याएं, एसिडिटी और पेट में गैस बनने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
दही और दूध का मिश्रण नुकसानदायक
दही और दूध दोनों ही पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं, लेकिन उन्हें एक साथ सेवन करना सही नहीं माना जाता है। दही और दूध की तासीर अलग-अलग होती है, जो एक साथ मिलाने पर पेट में अपच, गैस और अन्य पाचन समस्याओं का कारण बन सकती है। आयुर्वेद में इसे विरुद्ध आहार के रूप में देखा जाता है, जो शरीर के लिए अनहेल्दी हो सकता है।
दही और प्याज
दही के साथ प्याज का सेवन करने से बचना चाहिए, क्योंकि दही ठंडी तासीर का होता है और प्याज गर्म तासीर का। दोनों का एक साथ सेवन करने से शरीर में विषमता पैदा हो सकती है, जो पाचन संबंधी समस्याओं का कारण बन सकती है और शरीर की इम्यूनिटी पावर को भी कमजोर कर सकती है।
यह भी पढ़ें: भारत में अधिकतर बच्चों को नहीं मिल पा रहा है पर्याप्त पोषण, इस खतरे को लेकर WHO ने जताई चिंता
ऐसे करें दही का सेवन (Right Way To Consume Curd)
सादा दही खाएं– दही को बिना किसी मिलावट के सेवन करना सबसे अच्छा है।
ताजे फलों के साथ मिलाएं- आप दही में मीठे फल, जैसे केला, अंगूर या सेब मिला सकते हैं, जो पाचन के लिए लाभकारी होते हैं।
खाने के साथ या बाद में लें- दही को मुख्य भोजन के साथ या खाने के बाद सेवन करने से पाचन में मदद मिलती है।
रात में दही का सेवन न करें- आयुर्वेद के अनुसार रात के समय दही का सेवन नहीं करना चाहिए, क्योंकि यह बलगम पैदा कर सकता है और पाचन को प्रभावित कर सकता है।