वजन घटाने की बात आती है, तो वेट लॉस के लिए सबसे पहले भोजन पर ध्यान देने की जरूरत महसूस होती है। कई सारे खाद्य विकल्प हैं, जो वेट लॉस में मदद कर सकते हैं।
आहार विशेषज्ञ और शोध के निष्कर्ष बताते हैं कि अलसी वेट लॉस में सबसे अधिक मददगार होते हैं। अलसी या फ्लैक्स सीड्स पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। ये न सिर्फ वजन घटाते हैं, बल्कि मसल्स हेल्थ को भी मजबूती देते हैं।
प्लांट बेस्ड प्रोटीन का समृद्ध स्रोत अलसी
अलसी में लगभग 20% प्रोटीन होता है, जो वजन घटाने में मददगार है। शाकाहारियों के लिए अलसी प्रोटीन का सबसे अच्छा स्रोत है। लंबे समय तक भूख नहीं लगने दने के लिए लगभग 18 ग्राम प्रोटीन और ढेर सारा डायटरी फाइबर की जरूरत होती है। इससे शरीर जमा हुए ग्लाइकोजन और वसा का उपयोग करता है और कैलोरी की कमी होती है।
एक चम्मच पिसी हुई अलसी में लगभग 55 कैलोरी पाई जाती है। अलसी में फाइबर प्रचुर मात्रा में होता है। कार्ब्स कम होते हैं। इसमें ओमेगा 3 फैटी एसिड होता है। यह भूख को दबाने के लिए जाना जाता है। भूख को कम कर यह वजन घटाने में मदद करता है। अलसी में एंटीऑक्सीडेंट लिगनेन पाया जाता है, जो शरीर में फैट टिश्यू के जलने पर कोशिकाओं के कार्य में सुधार करता है।
वजन घटाने के लिए कैसे खाएं अलसी
वजन घटाने के लिए दैनिक आहार में एक या दो चम्मच अलसी शामिल करनी चाहिए। इसका सेवन पीसकर या तेल के रूप में भी किया जा सकता है। पिसी हुई अलसी भोजन को अधिक स्वादिष्ट और तृप्तिदायक बनाती है। वजन घटाने के लिए अलसी पाउडर का प्रयोग किया जाता है।
अलसी का उपयोग कैसे करें
अलसी का बीज शरीर द्वारा पूरी तरह से पच नहीं पाता है, इसलिए इसे खाने से पहले पीसना पड़ता है। ऐसा करने का सबसे अच्छा तरीका ग्राइंडर में इसे धीरे-धीरे पीस लेना है। अलसी को उतना ही पीसना चाहिए, जितनी जरूरत है। पिसी हुई अलसी जल्दी खराब हो जाती है।
दाल और सब्जी के साथ मिक्स कर खाएं
चम्मच पीसी हुई अलसी किसी भी पकी हुई दाल के साथ खाई जा सकती है। लौकी, तोरई, तोरी की पकी हुई सब्जी के साथ भी अलसी पाउडर मिलाकर खाया जा सकता है।
स्मूदी या शेक के साथ
सुबह की शुरुआत अलसी स्मूदी या अलसी शेक के साथ की जा सकती है। इसके पाउडर को किसी भी फ्रूट शेक के साथ मिलाकर खाया जा सकता है। इससे भूख कम लगती है और जरूरी पोषक तत्व भी मिल जाते हैं।
कुकीज़ और मफिन के रूप में
कुकीज़, पैनकेक, मफिन के रूप में भी अलसी खाई जा सकती है। यदि बेकिंग करना पसंद है, तो अलसी को पीसने के बाद इसका प्रयोग कुकीज़, पैनकेक और मफिन तैयार करने के लिए भी किया जा सकता है।