ग्रूमिंग टिप्सडाइट और फिटनेसपरवरिशपोषणवेब स्टोरीजस्पेशलिस्टस्वास्थ्य और बीमारियां
Trending

Lucknow: बलरामपुर चिकित्सालय में मासूम के बाएं गुर्दे से सफलतापूर्वक निकाला गया ट्यूमर

Lucknow: चार घंटे तक चली जटिल शल्य चिकित्सा में मिली सफलता, विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं एनेस्थीसिया टीम के समन्वित प्रयास से बचाई गई मासूम की जान। ऑपरेशन के बाद बच्चे की स्थिति सामान्य एवं संतोषजनक। बलरामपुर चिकित्सालय, लखनऊ में एक वर्षीय मासूम रियांश के बाएं गुर्दे में विकसित लगभग 1.2 किलोग्राम वजन के विशाल ट्यूमर को जटिल शल्य चिकित्सा द्वारा सफलतापूर्वक निकाल लिया गया। बच्चे को पिछले लगभग दो माह से पेट के बाईं ओर सूजन की शिकायत थी। चिकित्सकीय परीक्षण, अल्ट्रासाउंड एवं सीटी स्कैन के आधार पर बच्चे में विल्म्स ट्यूमर (Wilms’ Tumor/Nephroblastoma) का निदान किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद सीतापुर के बिसवां निवासी बच्चे के पिता इम्तियाज पेशे से बढ़ई हैं तथा परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर है। निजी अस्पताल अथवा बड़े चिकित्सा संस्थान में उपचार कराना उनके लिए संभव नहीं था। स्थानीय चिकित्सक की सलाह पर वे अपने बच्चे को बलरामपुर चिकित्सालय के बाल शल्य चिकित्सा विभाग की ओपीडी में लेकर आए। यहां वरिष्ठ बाल शल्य चिकित्सक डॉ. अखिलेश कुमार द्वारा बच्चे का परीक्षण किया गया तथा आवश्यक जांचों के उपरांत उसे भर्ती कर उपचार प्रारंभ किया गया। ऑपरेशन से पूर्व सभी आवश्यक जांचें कराई गईं तथा असामान्य पाए गए जांच मानकों को उचित उपचार द्वारा सामान्य किया गया।

06 नवंबर बच्चे की जटिल शल्य चिकित्सा की गई

06 नवंबर 2026 को बच्चे की जटिल शल्य चिकित्सा की गई। लगभग चार घंटे तक चले ऑपरेशन में बाएं गुर्दे से विकसित लगभग 1.2 किलोग्राम वजन के ट्यूमर को बिना किसी स्पिलेज (ट्यूमर के अंशों के फैलाव) के सुरक्षित रूप से पूर्णतः निकालने में सफलता प्राप्त हुई। इतनी कम आयु के बच्चे में बड़े आकार के ट्यूमर की शल्य चिकित्सा, लंबे समय तक एनेस्थीसिया तथा ट्यूमर को सुरक्षित रूप से निकालना चिकित्सकीय दृष्टि से एक बड़ी चुनौती थी।

ऑपरेशन में सम्मिलित चिकित्सकीय एवं सहयोगी टीम

  • शल्य चिकित्सा टीम – डॉ. अखिलेश कुमार – वरिष्ठ बाल शल्य चिकित्सक

  • एनेस्थीसिया टीम- डॉ. एम.पी. सिंह, डॉ. सादिक अली मिर्जा, ऋषि

  • नर्सिंग एवं सहयोगी स्टाफ – निर्मला मिश्रा (सिस्टर इंचार्ज), उर्मिला सिंह (स्टाफ नर्स), सरिता (स्टाफ नर्स), अंजना सिंह (स्टाफ नर्स), – डॉ. एम. आरिज खान, राजू

  • निकाले गए ट्यूमर का वजन लगभग 1.2 किलोग्राम है, जिसे सूक्ष्मदर्शीय परीक्षण एवं ट्यूमर के सटीक प्रकार (Histopathological Examination and Subtyping) के निर्धारण हेतु बलरामपुर चिकित्सालय की पैथोलॉजी प्रयोगशाला में भेजा गया है।

ऑपरेशन के बाद बच्चे की स्थिति

ऑपरेशन के बाद बच्चे की स्थिति सामान्य एवं संतोषजनक है। उसके सभी महत्वपूर्ण जीवनरक्षक पैरामीटर सामान्य हैं। बच्चा सामान्य रूप से आहार ले रहा है, मल त्याग कर रहा है तथा बाल रोग वार्ड संख्या-3 में अपनी मां के साथ मोबाइल पर वीडियो देखते हुए खेल भी रहा है। बच्चे के पूर्व चिकित्सा इतिहास में यह भी उल्लेखनीय है कि उसके जन्मजात कटे होंठ (Cleft Lip) का ऑपरेशन सात माह की आयु में स्माइल ट्रेन संस्था के माध्यम से कराया गया था, जबकि कटे तालू (Cleft Palate) का ऑपरेशन अभी होना शेष है। बच्चे की कम आयु, पूर्व चिकित्सा इतिहास एवं वर्तमान गंभीर बीमारी को देखते हुए उपचार के प्रत्येक चरण में विशेष सावधानी बरती गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button