Neck Pain: सुबह उठने के बाद गर्दन में होता है तेज दर्द? इन योगासन से मिलेगा आराम


Neck Pain: सुबह सोकर उठने के बाद गर्दन में तेज दर्द होना एक आम समस्या है। ज्यादातर लोगों के साथ ये समस्या होती है। अक्सर गलत पोजीशन में सोने, मोटे तकिये का इस्तेमाल करने या रातभर गर्दन में अकड़न आने के कारण ऐसा होता है। गर्दन का दर्द पूरे दिन के मूड और काम को प्रभावित कर सकता है। अगर आप भी रोज सुबह इस दर्द से परेशान रहते हैं, तो दवाइयां खाने के बजाय योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। योग न केवल गर्दन की मांसपेशियों को स्ट्रेच करता है, बल्कि वहां ब्लड सर्कुलेशन बढ़ाकर दर्द से तुरंत राहत दिलाता है।
-
मार्जरीआसन: यह आसन रीढ़ की हड्डी और गर्दन की मांसपेशियों के लिए एक बेहतरीन स्ट्रेच है। अपने दोनों हाथों और घुटनों के बल जमीन पर आ जाएं। सांस लेते हुए अपनी गर्दन को ऊपर उठाएं और पीठ को नीचे की ओर झुकाएं। फिर सांस छोड़ते हुए गर्दन को नीचे लाएं और ठुड्डी को छाती से लगाने का प्रयास करें। यह गर्दन और पीठ की जकड़न को खोलता है और लचीलापन बढ़ाता है।
-
बालासन: तनाव और थकान को दूर करने के लिए यह एक बहुत ही आरामदायक आसन है। घुटनों के बल बैठ जाएं और अपने कूल्हों को एड़ियों पर टिकाएं। अब सांस छोड़ते हुए आगे की ओर झुकें और अपने सिर को जमीन से छुएं। हाथों को आगे की ओर फैलाकर रखें। यह गर्दन, कंधों और पूरी पीठ को गहरा आराम देता है, जिससे सुबह का दर्द कम होता है।
-
भुजंगासन: यह आसन कंधों और गर्दन की जकड़न को दूर करने के लिए बेहद फायदेमंद है। इसके लिए पेट के बल सीधे लेट जाएं। अपने दोनों हाथों को कंधों के पास रखें। अब सांस लेते हुए शरीर के अगले हिस्से को ऊपर उठाएं और गर्दन को पीछे की ओर मोड़ने की कोशिश करें। कुछ सेकंड रुकें, फिर सामान्य स्थिति में आ जाएं।वयह गर्दन की मांसपेशियों को मजबूत करता है और पोस्चर में सुधार लाता है।
-
ग्रीवा संचालन: अगर आपके पास समय की कमी है, तो आप बिस्तर पर बैठे-बैठे ही इसे कर सकते हैं। सुखासन में बैठ जाएं। अपनी गर्दन को धीरे-धीरे पहले क्लॉकवाइज (घड़ी की सुई की दिशा में) और फिर एंटी-क्लॉकवाइज घुमाएं। इसके बाद गर्दन को दाएं-बाएं और ऊपर-नीचे स्ट्रेच करें। इससे गर्दन की नसों का खिंचाव दूर होता है और तुरंत राहत मिलती है।




