New Born Babies: छोटे बच्चों को काजल लगाना चाहिए या नहीं, क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?


New Born Babies: भारतीय परिवारों में छोटे बच्चों की देखभाल से जुड़ी कई परंपराएं लंबे समय से चली आ रही है. इन्हीं परंपराओं में से एक परंपरा छोटे बच्चों की आंखों में काजल लगाने की भी है. अक्सर आपने भी देखा होगा कि घरों में दादी-नानी या घर के बड़े लोग मानते हैं कि काजल लगाने से बच्चे की आंखें बड़ी और सुंदर हो जाती है. कई लोग इसे नजर से बचने का तरीका भी मानते हैं, लेकिन मेडिकल साइंस इस परंपरा को सुरक्षित नहीं मानता है. डॉक्टर्स छोटे बच्चों की आंखों में काजल लगाने से बचने की सलाह देते हैं. दरअसल, बच्चों की आंखें बहुत नाजुक और संवेदनशील होती हैं. ऐसे में आंखों के अंदर या पलकों के पास काजल लगाने से कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं. डॉक्टरों का कहना है कि काजल लगाने से आंखों का आकार नहीं बढ़ता और न ही इससे आंखों की रोशनी बेहतर होती है. आंखों में काजल लगाना सिर्फ एकधारणा है जो लंबे समय से लोगों के बीच प्रचलित है.
काजल लगाने से नहीं बढ़ती आंखों की साइज | New Born Babies
डॉक्टरों के अनुसार यह गलत मानना है कि बच्चों की आंखों में काजल लगाने से उनकी आंखें बड़ी हो जाती है. काजल केवल आंखों के आसपास एक गहरा रंग दे देता है, जिससे आंखें थोड़ी उभरी हुई या बड़ी दिखाई दे सकती हैं. लेकिन वास्तव में इससे आंखों का आकार नहीं बदलता. डॉक्टरों का कहना है कि काजल और आंखों के आकार या रोशनी के बीच कोई वैज्ञानिक संबंध नहीं है. इसलिए केवल इस धारणा के आधार पर बच्चों की आंखों में काजल लगाने की सलाह नहीं दी जाती है.
बच्चों की आंखों में काजल लगाने से पड़ सकता है आंखों पर असर | New Born Babies
डॉक्टरों के अनुसार, छोटे बच्चों की आंखों में काजल लगाने से जलन, खुजली, रेडनेस और एलर्जी जैसी समस्याएं हो सकती है. कई मामलों में काजल के छोटे कण आंखों के अंदर चले जाते हैं, जिससे इन्फेक्शन का खतरा बढ़ जाता है. वहीं अगर काजल पलकों के अंदर चला जाए तो इससे आंखों की ऑयल ग्लैंड बंद हो सकती है. इसके कारण आंखों में सूजन, पानी आना या दूसरी समस्याएं शुरू हो सकती है. डॉक्टरों का कहना है कि बच्चों में काजल लगाने से आंसू की नलियां भी ब्लॉक हो सकती हैं.
इसके अलावा बाजार में मिलने वाले कई काजल प्रोडक्ट में लेड, कार्बन परफ्यूम और दूसरे केमिकल प्रिजर्वेटिव पाए जाते हैं. यह सारे कंपाउंड बच्चों की आंखों के लिए खतरनाक हो सकते हैं. कई मामलों में उनसे आंखों में इन्फेक्शन और जलन की समस्याएं भी देखी गई है. वहीं कई रिसर्च में भी यह बताया गया है कि काजल में मौजूद लेड शरीर में जाकर हेल्थ पर खतरनाक असर डाल सकते हैं. छोटे बच्चों में यह तंत्रिका तंत्र के विकास को भी प्रभावित कर सकता है.





