Rajesh Sharma: कीड़े के काटने से होने वाले इंफेक्शन से जूझ रहे एक्टर राजेश शर्मा


Rajesh Sharma Health Update: बॉलीवुड और बंगाली फिल्मों के जाने-माने अभिनेता राजेश शर्मा इन दिनों अस्पताल में भर्ती हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रभास की फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें किसी कीड़े या जहरीली मकड़ी ने काट लिया था. शुरुआत में उन्होंने इसे मामूली समझकर शूटिंग पूरी कर ली, लेकिन कुछ घंटों बाद उनके पैर में तेज दर्द शुरू हो गया और तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी. कोलकाता लौटने तक उन्हें तेज बुखार भी आ गया, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. चलिए आपको बताते हैं कि आखिर किसी कीड़े के काटने से होने वाला इंफेक्शन कितना खतरनाक हो सकता है?
कितना खतरनाक होता है कीड़े का काटना? | Rajesh Sharma Health Update
आमतौर पर मच्छर, चींटी, मधुमक्खी या दूसरे छोटे कीड़ों के काटने पर हल्की खुजली, लालपन या सूजन होना सामान्य माना जाता है, लेकिन कुछ मामलों में यही छोटा-सा घाव गंभीर इंफेक्शन का कारण बन सकता है. अगर काटने वाला कीड़ा जहरीला हो या उसके जरिए बैक्टीरिया शरीर में पहुंच जाएं तो स्थिति तेजी से बिगड़ सकती है. हेल्थ के बारे में जानकारी देने वाली वेबसाइट healthline के एक्सपर्ट के अनुसार, अगर कीड़े के काटने वाली जगह पर लालपन लगातार बढ़ने लगे, सूजन फैलने लगे, तेज दर्द हो, पस निकलने लगे या बुखार आने लगे, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए. ये सभी संकेत बताते हैं कि इंफेक्शन शरीर में फैल रहा है और समय रहते इलाज न मिलने पर यह त्वचा की गहरी परतों तक पहुंच सकता है.
कब गंभीर हो सकती है समस्या? | Rajesh Sharma Health Update
कुछ मामलों में यह इंफेक्शन सेल्युलाइटिस जैसी गंभीर बीमारी का रूप ले सकता है. इसमें त्वचा और उसके नीचे के ऊतकों में बैक्टीरिया तेजी से फैलने लगते हैं. अगर इसका इलाज समय पर न किया जाए, तो इंफेक्शन खून तक पहुंच सकता है और जानलेवा स्थिति भी पैदा कर सकता है. यही वजह है कि डॉक्टर लगातार सलाह देते हैं कि कीड़े के काटने के बाद होने वाले असामान्य बदलावों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.
कब डॉक्टर के पास जाना चाहिए? | Rajesh Sharma Health Update
अगर काटने वाली जगह से लाल लकीरें शरीर के दूसरे हिस्सों की ओर बढ़ती दिखाई दें, लिम्फ नोड्स में सूजन आ जाए या तेज ठंड के साथ बुखार आने लगे, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए. कुछ लोगों में कीड़े के जहर या एलर्जी की वजह से सांस लेने में तकलीफ, चेहरे या गले में सूजन और बेहोशी जैसी गंभीर समस्या भी हो सकती है. ऐसी स्थिति मेडिकल इमरजेंसी मानी जाती है.
बचाव के लिए ये हैं उपाय? | Rajesh Sharma Health Update
इंफेक्शन से बचने के लिए सबसे पहले काटे गए हिस्से को साबुन और साफ पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए. खुजली होने पर बार-बार उसे खरोंचने से बचें, क्योंकि इससे बैक्टीरिया घाव के अंदर पहुंच सकते हैं. जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से एंटीबायोटिक क्रीम या दूसरी दवाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है. अगर दर्द, सूजन या बुखार लगातार बढ़ रहा हो, तो बिना देर किए अस्पताल पहुंचना सबसे सुरक्षित विकल्प है.





