Uric Acid: यूरिक एसिड कंट्रोल करने में असरदार है लहसुन! जानिए क्या कहते हैं डॉक्टर


Uric Acid Controlling Tips: यूरिक एसिड का बढ़ना आजकल एक आम समस्या बनती जा रही है। हालांकि, इसे केवल खान-पान से जुड़ी समस्या समझना सही नहीं होगा। शरीर में यूरिक एसिड तब बनता है जब प्यूरीन नामक तत्व टूटता है। यह शरीर में प्राकृतिक रूप से भी पाया जाता है और कुछ खाद्य पदार्थों में भी मौजूद होता है। जब किडनी शरीर से अतिरिक्त यूरिक एसिड को ठीक से बाहर नहीं निकाल पाती, तो इसका स्तर बढ़ने लगता है। लंबे समय तक ऐसा रहने पर जोड़ों में यूरिक एसिड के क्रिस्टल जमा हो सकते हैं, जिससे गाउट और जोड़ों में तेज दर्द व सूजन की समस्या हो सकती है।
यूरिक एसिड को नियंत्रित रखने के लिए सबसे पहले अपने खान-पान में कुछ बदलाव करना जरूरी है। रेड मीट, ऑर्गन मीट जैसे लीवर और किडनी तथा कुछ सीफूड का सेवन सीमित रखना चाहिए। इसके अलावा शराब, खासकर बीयर और अधिक मात्रा में मीठे पेय पदार्थों से भी दूरी बनाना बेहतर है। फ्रुक्टोज युक्त ड्रिंक्स और पैकेज्ड जूस यूरिक एसिड का स्तर बढ़ा सकते हैं। लेकिन कई लोग यूरिक एसिड को कंट्रोल करने के लिए लहसुन का सेवन करते हैं। ऐसे में सवाल उठता है क्या सच में लहसुन खाने से यूरिक एसिड कंट्रोल होता है।
क्या कहते हैं डॉक्टर
यूरिक एसिड को कंट्रोल करने के लिए रोजाना पर्याप्त पानी पीना, कम फैट वाले दूध और दही को डाइट में शामिल करना और मौसमी फल, सब्जियां व साबुत अनाज खाना फायदेमंद हो सकता है। दालों और कुछ सब्जियों में प्यूरीन होने के बावजूद इन्हें पूरी तरह बंद करने की जरूरत नहीं है। संतुलित मात्रा में इनका सेवन किया जा सकता है। वजन को धीरे-धीरे नियंत्रित करना भी जरूरी है। बहुत तेजी से वजन घटाना या लंबे समय तक भूखे रहना यूरिक एसिड बढ़ा सकता है। जहां तक लहसुन की बात है, इसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं।
हालांकि, अभी तक ऐसे पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण नहीं हैं जो यह साबित करें कि लहसुन खाने से यूरिक एसिड का स्तर सीधे कम होता है। इसलिए इसे एक स्वस्थ आहार का हिस्सा जरूर बनाया जा सकता है, लेकिन यूरिक एसिड कम करने के उपचार के रूप में नहीं देखना चाहिए। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यूरिक एसिड बढ़ने पर केवल डाइट में बदलाव करना पर्याप्त नहीं होता। यदि बार-बार जोड़ों में दर्द, सूजन या गाउट के लक्षण दिखाई दें, तो रूमेटोलॉजिस्ट से सलाह लेनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर दवाओं के जरिए भी यूरिक एसिड को नियंत्रित करना जरूरी हो सकता है।




