Viral Fever: बढ़ने लगे बुखार और गले में इंफेक्शन वाले मरीज! जानिए कैसे करें बचाव


Viral Fever: दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों कभी बारिश-कभी धूप वाला समय देखा जा रहा है। इस तरह के मौसम को सेहत के लिए कई प्रकार से नुकसानदायक माना जाता है। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण फ्लू और कई अन्य प्रकार संक्रामक बीमारियों का खतरा काफी बढ़ जाता है। बारिश के दिनों में मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों का खतरा भी बढ़ाने लग जाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अस्पतालों में अब डेंगू, मलेरिया के मामले ज्यादा आने लगे हैं, साथ ही चिकनगुनिया को लेकर भी लोगों को अलर्ट किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग सभी लोगों को लगातार सतर्क रहने की सलाह दे रहा है क्योंकि हर साल अगस्त से अक्तूबर के बीच इन बीमारियों का जोखिम तेजी से बढ़ जाता है। कहीं आप भी तो इन बीमारियों की चपेट में नहीं हैं? आइए दिल्ली-एनसीआर की मौजूद स्थिति और मच्छरों के कारण होने वाली बीमारियों के खतरे के बारे में जान लेते हैं।
वायरल बुखार, सर्दी-खांसी के मामले | Viral Fever
मेडिकल रिपोर्ट्स के मुताबिक बारिश का मौसम शुरू होते ही अस्पतालों में वायरल बुखार, सर्दी-खांसी और गले के संक्रमण के मरीज बढ़ने लगे हैं। ग्रेटर नोएडा स्थित एक अस्पताल में मेडिसिन विभाग की ओपीडी में 20 से 25 प्रतिशत मरीज बढ़ गए हैं। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ मरीजों में लंबे समय तक बुखार रहने की भी शिकायत सामने आ रही है। हालांकि समय पर उपचार और सावधानी बरतने वाले मरीज जल्द ठीक हो रहे हैं।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ? | Viral Fever
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ओपीडी में रोज पहुंचने वाले 150-200 मरीजों में तेज बुखार, सर्दी-जुकाम, गले में खराश, बदन दर्द की शिकायत देखने को मिल रही है। 60 से 70 वायरल बुखार व गले में संक्रमण के मरीज सामने आ रहे। डॉक्टर कहते हैं, बरसात के दिनो में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है। ऐसे में दूषित पानी, खुले में रखे खाद्य पदार्थ और गंदगी संक्रमण का कारण बन सकते हैं। बारिश में भीगने के बाद गीले कपड़ों में लंबे समय तक रहने से भी वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा मच्छरों की संख्या बढ़ने से डेंगू-मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बना रहता है।
बारिश में संक्रामक रोगों से बचाव के लिए क्या करें? | Viral Fever
बारिश में भीगने पर तुरंत सूखे कपड़े पहनें। उबला या फिल्टर किया हुआ पानी ही पिएं। ताजा, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन करें, बासी भोजन से बचें। हाथों को साबुन से बार-बार धोएं और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क का उपयोग करें। घर और आसपास पानी जमा न होने दें, ताकि मच्छरों का प्रजनन न हो। बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक या अन्य दवाएं न लें। पर्याप्त आराम करें और शरीर में पानी की कमी न होने दें।
किन लक्षणों को न करें अनदेखा? | Viral Fever
डॉक्टर कहते हैं, अगर आपको इन दिनों, लगातार तेज बुखार और सर्दी-जुकाम की समस्या रहती है, नाक बहती है या फिर गले में खराश बना रहता है, लगातार खांसी- सिरदर्द और बदन दर्द बना रहता है तो इसे अनदेखा न करें। इन लक्षणों में समय रहते डॉक्टर की सलाह लें और जांच कराएं। तेज बुखार के साथ अगर त्वचा पर रैशेज रहते हैं, बदन में दर्द बना रहता है और पेट खराब हो या फिर शौच के साथ खून आ रहा है तो तुरंत डॉक्टर से इलाज कराएं। ये डेंगू का संकेत हो सकता है।




