डाइट और फिटनेसपोषण

शाकाहारी या मांसाहारी में कौन सा आहार ज्यादा फायदेमंद? शोध में आया सामने

अपने शरीर को स्वस्थ रखने के लिए आहार का स्वस्थ होना आवश्यक है। शोधकर्ताओं ने बताया कि आप जिस तरह का भोजन करते हैं, उसका सीधा असर स्वास्थ्य पर पड़ता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को स्वस्थ और पौष्टिक चीजों को खाने की सलाह देते हैं। सभी के मन में एक बड़ा सवाल हमेशा से रहा है कि ज्यादा फायदेमंद कौन-सा आहार होता है, शाकाहारी या मांसाहारी? इसी से संबंधित एक अध्ययन में शोधकर्ताओं ने इस सवाल का जवाब दिया है।

शोधकर्ताओं ने बताया कि पशु स्रोतों की तुलना में प्लाट बेस्ड चीजों से प्रोटीन प्राप्त करना आपके स्वास्थ्य के लिए ज्यादा लाभकारी हो सकता है। खासतौर महिलाओं की सेहत पर इसके बेहतर परिणाम देखे गए हैं। शाकाहारी या प्लांट बेस्ड आहार न सिर्फ आपको कई गंभीर बीमारियों से बचा सकते हैं, साथ ही इससे आयु भी लंबी होती है। इस तरह का आहार पूरे स्वास्थ्य के लिए लाभकारी पाया गया है।

किस तरह का आहार अधिक लाभकारी?

द अमेरिकन जर्नल ऑफ क्लिनिकल न्यूट्रिशन में प्रकाशित हुए शोध में विशेषज्ञों ने बताया, सोचने के कौशल, मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार के साथ टाइप-2 डायबिटीज जैसी गंभीर और क्रोनिक बीमारियों के खतरे को कम करने के लिए प्लांट बेस्ड आहार का सेवन करना लाभकारी पाया गया है।

शोधकर्ताओं ने 1984 से 2016 तक महिला स्वास्थ्य पेशेवरों पर ये अध्ययन किया, अध्ययन की शुरुआत में प्रतिभागी 38 से 59 वर्ष के बीच के थे और इन्हें किसी भी प्रकार की शारीरिक या मानसिक स्वास्थ्य समस्या नहीं थी।

अध्ययन में क्या पता चला?

शोध के अंत में अध्ययन में शामिल हर तीन में से एक महिला को क्रोनिक बीमारियों से मुक्त पाया गया। लेकिन लगभग 85% महिलाओं में शारीरिक कार्य संबंधी दिक्कतें विकसित हुईं और लगभग दो-तिहाई महिलाओं की मानसिक स्वास्थ्य स्थिति अच्छी नहीं थी।

टफ्ट्स यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिक और प्रमुख अध्ययनकर्ता एंड्रेस अर्डिसन कोराट कहते हैं, मध्य जीवनकाल में प्रोटीन का सेवन वृद्धावस्था में स्वास्थ्य को बेहतर रखने में मददगार पाया गया है। हमने यह भी पाया कि प्रोटीन का स्रोत विशेष मायने रखता है। पौधों के स्रोतों से अधिकांश प्रोटीन प्राप्त करना अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु में सहायक हो सकता है।

कम उम्र से ही आहार में करें सुधार

शोधकर्ताओं ने इस अध्ययन में विशेष रूप से प्रोटीन के सेवन पर ध्यान दिया। सब्जियां, फल, अनाज, नट्स, बीन्स आदि से प्राप्त प्रोटीन को अधिक लाभकारी प्रभावों वाला पाया गया। विश्लेषण से पता चला कि प्लांट बेस्ड डाइट से प्रोटीन के साथ अन्य आवश्यक पोषक तत्व भी प्राप्त होते हैं जिससे गंभीर और क्रोनिक बीमारियों का जोखिम कम किया जा सकता है। पशु मांस से प्राप्त प्रोटीन की तुलना में पौधों से मिलने वाले प्रोटीन से स्वस्थ और लंबी आयु की संभावना 46% अधिक हो सकती है।

शोध का निष्कर्ष क्या है?

अध्ययन के निष्कर्ष में वैज्ञानिकों ने बताया, प्लांट बेस्ड डाइट आपके लिए ज्यादा लाभकारी हो सकता है। कम उम्र से ही आहार में सुधार पर ध्यान देना 40-50 की आयु के बाद होने वाले हृदय रोग, डायबिटीज जैसी समस्याओं को कम करने में सहायक हो सकता है। लेखकों ने कहा अध्ययन में शामिल ज्यादातर महिलाएं श्वेत थीं। अन्य आबादी पर आहार का किस प्रकार से असर होता है इसे जानने के लिए विस्तृत अध्ययन की आवश्यकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button