अच्छी सेहत पाने के लिए रात का खाना छोड़ना सही या गलत? क्या सच में पड़ेगा कुछ फर्क!

Skipping Dinner Good Or Bad: सेहत को ठीक रखना है तो आहार पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। हम क्या खाते हैं, कब खाते हैं और कैसे खाते हैं, इन सभी का सीधा असर सेहत पर होता है। अध्ययनों के मुताबिक, सुबह का नाश्ता सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। इसके बाद लंच थोड़ा हल्का और रात का भोजन सबसे हल्का रखना अच्छा माना जाता है।अच्छी फिटनेस पाने, वजन कम करने और शरीर को स्वस्थ रखने के लिए ‘स्किप डिनर’ इन दिनों काफी ट्रेंडिंग है। इसका मतलब है कि आप रात का खाना छोड़ दीजिए। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए क्या वास्तव में हमें डिनर छोड़ देना चाहिए? आइए इस बारे में समझते हैं।
क्या डिनर स्किप करना वाकई फायदेमंद? |Skipping Dinner Good Or Bad
हम अक्सर यह सुनते हैं कि “रात का खाना हल्का खाना चाहिए या जल्दी डिनर करना फायदेमंद होता है। लेकिन आजकल कुछ लोग एक कदम और आगे बढ़कर डिनर ही स्किप (छोड़) कर रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है क्या डिनर स्किप करना वाकई फायदेमंद है? या यह शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है? इस संबंध में किए गए अध्ययनों पर नजर डालें तो पता चलता है कि इंटरमिटेंट फास्टिंग से डिनर स्किप करने का चलन लोकप्रिय हुआ। इसमें लोगों को 16:8 फास्टिंग करने की सलाह दी जाती है, जिसमें व्यक्ति 16 घंटे उपवास करता है और सिर्फ 8 घंटे में भोजन करता है, जो अक्सर ब्रेकफास्ट और लंच तक सीमित होता है।
अलग-अलग फायदे |Skipping Dinner Good Or Bad
सेल मेटाबॉलिज्म जर्नल में इसी से संबंधित एक अध्ययन से पता चलता है कि डिनर स्किप करने या भोजन का समय सीमित करने से कैलोरी इनटेक कम होता है, जिससे वजन कम करने में मदद मिलती है। वहीं यूनिवर्सिटी ऑफ एलाबामा में किए गए अध्ययन से पता चलता है कि अगर दिन का अंतिम भोजन शाम 7 बजे से पहले कर लिया जाए तो ब्लड शुगर लेवल बेहतर कंट्रोल में रहता है।

पूरी तरह से डिनर स्किप करना ठीक नहीं |Skipping Dinner Good Or Bad
विशेषज्ञ कहते हैं, डिनर स्किप करने या रात में जल्दी खाने के कुछ लाभ तो जरूर हैं पर सभी लोगों के लिए पूरी तरह से डिनर स्किप करना ठीक नहीं है। शरीर को काम करने के लिए जरूरी ऊर्जा के लिए भोजन की आवश्यकता होती है। शरीर रात के समय में कोशिकाओं की मरम्मत और पुनर्निर्माण करता है। अगर आपने दिन में पर्याप्त पोषण नहीं लिया तो न सिर्फ ये प्रक्रिया बाधित हो सकती है बल्कि आपको थकावट-कमजोरी भी महसूस हो सकती है। इसके अलावा अगर आप शरीर को पर्याप्त प्रोटीन नहीं देते तो इससे मांसपेशियों की समस्याएं बढ़ सकती हैं। प्रोटीन की ही मदद से शरीर रात के समय कोशिकाओं की सही तरीके से मरम्मत करता है।
बिना सलाह के डिनर स्किप करना सही नहीं |Skipping Dinner Good Or Bad
डॉक्टर कहते हैं, अगर आपको पहले से कोई बीमारी है तो बिना अपने चिकित्सक की सलाह के भोजन बिल्कुल न छोड़ें। विशेषकर डायबिटीज वाले मरीजों के लिए ये खतरनाक हो सकता है। रात का खाना छोड़ देने ले कुछ मरीजों को लो ब्लड शुगर की समस्या हो सकती है। इसके अलावा लगातार डिनर स्किप करने के कारण महिलाओं में हार्मोनल असंतुलन का खतरा बढ़ जाता है। हार्वर्ड स्कूल ऑफ पब्लिकल हेल्थ के विशेषज्ञों के अनुसार, डिनर स्किप करना हर किसी के लिए उपयुक्त नहीं है। यह व्यक्ति की उम्र, लाइफस्टाइल और स्वास्थ्य स्थिति पर निर्भर करता है। गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग, डायबिटीज और लो ब्लड प्रेशर के मरीज, बच्चों के लिए ये समस्या बढ़ाने वाला हो सकता है। बेहतर है कि आप डॉक्टर या डाइटीशियन से सलाह लेकर ही इस तरह के बदलाव करें।





