Iron-Rich Foods: इन सस्ती चीजों में भी होता है भरपूर आयरन; सुधर जाएगी सेहत


Iron-Rich Foods: दुनियाभर में बढ़ती संक्रामक बीमारियों को देखते हुए प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करना आज के समय में सर्वोच्च प्राथमिकता बन गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक शरीर के इम्यून सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए स्वस्थ और पौष्टिक आहार का सेवन करना बहुत जरूरी है। सभी लोगों को अपने दैनिक आहार में ऐसी चीजों को शामिल करना चाहिए जो शरीर के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की पूर्ति कर सकें। हमारी डाइट में मौजूद अलग-अलग विटामिन और मिनरल शरीर के भीतर अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाते हैं।
इन्हीं में से एक है आयरन, जिसकी जरूरत शरीर को खून बनाने से लेकर कोशिकाओं तक ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए होती है। शरीर में आयरन की कमी का असर सिर्फ कमजोरी या थकान के रूप में ही नहीं दिखता, बल्कि लंबे समय में इससे एनीमिया के अलावा कई अन्य गंभीर खतरे भी हो सकते हैं। आयरन शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली के सामान्य कामकाज के लिए भी जरूरी है। क्या आपकी डाइट में आयरन वाली चीजें हैं?
रोज कितनी आयरन की जरूरत होती है? | Iron-Rich Foods
मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि वयस्क पुरुषों को प्रतिदिन करीब 8.7 मिलीग्राम आयरन की जरूरत होती है, जबकि 19 से 50 वर्ष की महिलाओं के लिए इसकी दैनिक आवश्यकता लगभग 14.8 मिलीग्राम होती है। महिलाओं में मासिक धर्म के कारण आयरन की कमी का जोखिम अधिक हो सकता है, इसलिए इन्हें आयरन की चीजें को डाइट में शामिल करने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
पालक को डाइट में शामिल करना हो सकता है फायदेमंद | Iron-Rich Foods
हरी पत्तेदार सब्जियों में पालक सबसे अच्छा विकल्प है जिसे आसानी से रोजमर्रा के भोजन का हिस्सा बनाया जा सकता है। करीब 100 ग्राम पालक में लगभग 2.7 मिलीग्राम आयरन पाया जाता है। इसके अलावा इसमें कई तरह के एंटीऑक्सीडेंट भी होते हैं। पालक में मौजूद कैरोटेनॉयड्स शरीर को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाने में मदद कर सकते हैं। हालांकि पालक में मौजूद आयरन पौधों से मिलने वाला आयरन होता है, जिसे शरीर मांस से मिलने वाले आयरन की तुलना में अलग तरह से अवशोषित करता है। इसलिए पालक के साथ विटामिन-सी वाले खाद्य पदार्थ लेना आयरन के अवशोषण के लिहाज से जरूरी होता है।
रेड मीट और मछलियां भी खाएं | Iron-Rich Foods
जो लोग मांसाहारी भोजन करते हैं, उनके लिए रेड मीट आयरन का अच्छा स्रोत हो सकता है। करीब 100 ग्राम रेड मीट में लगभग 2.7 मिलीग्राम आयरन पाया जा सकता है। इसमें प्रोटीन के साथ कॉपर, सेलेनियम और बी-विटामिन भी मिलते हैं। रेड मीट में मौजूद आयरन आमतौर पर आसानी से अवशोषित हो जाता है। हालांकि ज्यादा मात्रा में रेड मीट खाने से फायदे की जगह नुकसान हो सकता है। मछली को प्रोटीन और कई जरूरी पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत माना जाता है। कुछ मछलियों में आयरन भी पर्याप्त मात्रा में पाया जाता है। इसमें ओमेगा-3 फैटी एसिड भी होता है, जो हृदय और शरीर के लिए कई तरह से उपयोगी है।
आयरन को लेकर ये बातें भी जानिए | Iron-Rich Foods
आयरन की जरूरत पूरी करने के लिए पालक के अलावा काला चना, राजमा, मसूर दाल, सोयाबीन, तिल और कद्दू के बीज जैसे खाद्य पदार्थ भी खाए जा सकते हैं। किशमिश और सूखी खुबानी जैसे सूखे फलों में भी आयरन पाया जाता है। पौधों से मिलने वाले आयरन के शरीर में अवशोषण को बेहतर करने के लिए इन चीजों के साथ नींबू, आंवला, अमरूद या संतरे जैसे विटामिन-सी वाले खाद्य पदार्थ लेना फायदेमंद हो सकता है। वहीं, खाने के तुरंत बाद चाय या कॉफी पीने से बचना चाहिए क्योंकि इनमें मौजूद कुछ यौगिक आयरन के अवशोषण को कम कर सकते हैं।



