AC Side Effects: गर्मियों में AC का ज्यादा उपयोग सेहत के लिए खतरनाक, डॉक्टरों की चेतावनी पढ़िए


AC Side Effects: देशभर में बढ़ती गर्मी के बीच एयर कंडीशनर अब लग्जरी नहीं, बल्कि जरूरत बन चुका है. घर, ऑफिस, गाड़ी और मॉल हर जगह लोग घंटों एसी में समय बिता रहे हैं. तेज गर्मी से राहत देने वाला यह ठंडी हवा का साधन भले ही आराम देता हो, लेकिन डॉक्टरों के अनुसार इसका ज्यादा और लगातार इस्तेमाल सेहत पर छुपे हुए असर भी डाल सकता है. एक्सपर्ट का कहना है कि लंबे समय तक एसी में रहने से शरीर पर धीरे-धीरे असर पड़ता है, जिससे लोग अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं. डिहाइड्रेशन, थकान, सांस से जुड़ी दिक्कत और इम्यूनिटी पर असर जैसे कई लक्षण समय के साथ सामने आ सकते हैं.
एयर कंडीशनर हवा में मौजूद नमी को कम करता है, जिससे एनवायरमेंट ठंडा तो हो जाता है, लेकिन काफी ड्राई भी हो जाता है. इस वजह से शरीर बिना महसूस किए ही पानी खोने लगता है. ठंडे माहौल में प्यास कम लगती है, जिससे लोग पानी कम पीते हैं. इसके कारण सिर दर्द, थकान, स्किन का सूखना और ध्यान में कमी जैसे समस्याएं हो सकती है. लंबे समय तक यह स्थिति बनी रहे तो ऊर्जा स्तर और सामान्य स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है.
ठंडी और सुखी हवा श्वसन तंत्र को भी करती है प्रभावित | AC Side Effects
वहीं ठंडी और सुखी हवा श्वसन तंत्र को भी प्रभावित करती है, जो लोग लंबे समय तक एसी में रहते हैं, उन्हें गला सूखना, खांसी, नाक बंद होना और सांस की नलियों में जलन जैसी दिक्कत हो सकती है. खासकर अस्थमा या साइनस के मरीजों के लिए यह समस्या और बढ़ सकती है. अगर एसी की सफाई और सर्विस सही तरीके से न हो तो उसमें जमा धूल और बैक्टीरिया भी हवा के साथ फैल सकते हैं.
डॉक्टरों के अनुसार एक और बड़ी समस्या टेंपरेचर शॉक है. जब कोई व्यक्ति बाहर की तेज गर्मी और अंदर के ठंडे माहौल के बीच बार-बार आता- जाता है तो शरीर को तापमान के बदलाव के साथ तालमेल बैठाने में दिक्कत होती है. इससे थकान, सिरदर्द, मांसपेशियों में जकड़न और कुछ मामलों में इम्यूनिटी कमजोर होने जैसी समस्याएं हो सकती है. लगातार ऐसा होने पर शरीर इन्फेक्शन के प्रति ज्यादा संवेदनशील हो सकता है.
डॉक्टरों का कहना है कि एसी का इस्तेमाल पूरी तरह छोड़ने की जरूरत नहीं है, लेकिन कुछ सावधानियां अपनाई जा सकती है. जैसे तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच रखें. नियमित रूप से पानी पीते रहे भले प्यास न लगे. सीधे ऐसी की हवा के नीचे न बैठे. इसके अलावा बीच-बीच में बाहर निकलकर शरीर को सामान्य तापमान में आने दे और एसी की नियमित सफाई और सर्विसिंग कराते रहे. डॉक्टर बताते हैं कि गर्मियों में एसी राहत का बड़ा साधन है. खासकर हीट वेव के दौरान. लेकिन बिना सावधानी के एसी का ज्यादा इस्तेमाल धीरे-धीरे सेहत पर डाल सकता है. इसलिए जरूरी है कि एसी का उपयोग संतुलित तरीके से किया जाए ताकि आराम भी मिले और सेहत भी सुरक्षित रहे.





