Alert: कम उम्र में ही त्वचा पर दिखने लगे बुढ़ापे के निशान? प्रदूषण से है इसका कनेक्शन!


Alert: वायु प्रदूषण सिर्फ भारत ही नहीं, वैश्विक स्तर पर चिंता का विषय है। इसे सेहत के लिए गंभीर समस्याओं का कारण माना जाता रहा है। कई अध्ययनों से स्पष्ट हो चुका है कि प्रदूषण वाली जगहों पर रहने वालों में फेफड़ों और सांस की समस्याओं के साथ हृदय और ब्रेन तक को गंभीर खतरा हो सकता है। ये बच्चों के विकास को भी प्रभावित कर सकता है, यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को प्रदूषण से बचाव के लिए लगातार उपाय करते रहने की सलाह देते हैं।
क्या आप जानते हैं कि वायु प्रदूषण का संपर्क आपकी त्वचा की रंगत को भी कम कर देता है? बढ़ती उम्र के साथ त्वचा पर झुर्रियां, ढीलापन और दाग-धब्बे आना सामान्य है। लेकिन क्या आपने गौर किया है कि कुछ लोगों की त्वचा, उम्र से पहले ही बेजान, रूखी और झुर्रियों वाली दिखने लगती है? इसके पीछे सिर्फ धूप या खानपान की गड़बड़ी ही नहीं, बल्कि वायु प्रदूषण भी एक कारण हो सकता है। अब सवाल ये है कि वायु प्रदूषण आखिर हमारी त्वचा पर कैसे असर डालता है? आइए इस बारे में जान लेते हैं।
मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि हवा में मौजूद पीएम 2.5, पीएम10, ओजोन और अन्य प्रदूषक, त्वचा की बाहरी परत को नुकसान पहुंचा सकते हैं। लंबे समय तक इनके संपर्क में रहने से त्वचा की नमी बनाए रखने की क्षमता प्रभावित होती है। इतना ही नहीं इससे समय के साथ शरीर में सूजन और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ सकता है। इससे कोलेजन और इलास्टिन जैसे प्रोटीन प्रभावित होते हैं, जो त्वचा को मजबूत और लचीला बनाए रखते हैं।
प्रदूषण से त्वचा को कैसे नुकसान पहुंचाता है?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, लंबे समय तक प्रदूषण वाले वातावरण में रहने वाले लोगों में कई तरह की बीमारियों का जोखिम बढ़ जाता है। हवा में मौजूद सूक्ष्म प्रदूषक त्वचा पर जमा हो सकते हैं। कुछ प्रदूषक, त्वचा की सुरक्षा करने वाली बाहरी परत को कमजोर करते हैं, जिससे नमी कम होने लगती है।
ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और कोलेजन पर असर
अध्ययनों से पता चलता है कि वायु प्रदूषण के संपर्क में रहना शरीर में फ्री रेडिकल्स को बढ़ा सकता है। इससे ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस होता है, जो त्वचा की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाता है। इसके अलावा, कोलेजन पर भी प्रदूषण के दुष्प्रभाव देखे गए हैं।
-
त्वचा में कोलेजन और इलास्टिन उसे मजबूती और लचीलापन देते हैं। प्रदूषण से होने वाला ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और सूजन इन प्रोटीनों के टूटने की प्रक्रिया तेज कर देते हैं।
-
इससे त्वचा में महीन रेखाएं, झुर्रियां और ढीलापन दिखाई देने लगता है।
-
प्रदूषण के अलावा सूरज के यूवी किरणों के सीधे संपर्क के कारण आपके जोखिम और भी बढ़ सकते हैं।
कहीं आपकी त्वचा भी तो नहीं हो रही है डैमेज?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, वैसे तो हमारी गड़बड़ लाइफस्टाइल और खानपान के कारण भी त्वचा प्रभावित हो सकती है, पर अगर आप ऐसी जगहों पर रहते हैं जहां वायु प्रदूषण का भी खतरा लगातार बना हुआ है तो आपको सावधान हो जाना चाहिए। कुछ संकेत बताते हैं कि आपकी त्वचा पर प्रदूषकों का अटैक हो गया है।
-
प्रदूषण के कारण त्वचा रूखी और बेजान दिखने लगती है।
-
चेहरे पर समय से पहले झुर्रियां आ सकती हैं।
-
दाग-धब्बे और त्वचा की रंगत प्रभावित हो जाती है।
-
त्वचा में खुजली, जलन या लालिमा की समस्या हो सकती है।
-
मुंहासे और त्वचा की संवेदनशीलता भी प्रभावित हो जाती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, त्वचा के अलावा प्रदूषण से संपूर्ण स्वास्थ्य को बचाए रखने के लिए बाहर प्रदूषण अधिक होने पर घर से बाहर कम निकलें। बाहर से घर लौटने पर चेहरे को क्लींजर से साफ करें। मॉइस्चराइजर और ब्रॉड-स्पेक्ट्रम या सनस्क्रीन लगाएं। इन उपायों के साथ रोजाना खूब पानी पीते रहना और धूम्रपान से बचाव करना भी जरूरी है।




