Corona Returns: 2026 में दोबारा लौटेगा कोविड-19? UP से लेकर महाराष्ट्र-आंध्र प्रदेश तक मिले केस!


Corona Returns: देश के कई शहरों में कोरोना के मामले मिलने के बाद सोशल मीडिया पर कोरोना वायरस की वापसी और भारत में लॉकडाउन 2026 जैसी चर्चाएं काफी तेज हो गई हैं. इन वायरल मैसेजेस ने लोगों के मन में फिर से डर पैदा कर दिया है कि क्या हम एक बार फिर 2020 जैसी भयावह स्थिति की ओर बढ़ रहे हैं. हालांकि, हेल्थ एक्सपर्ट्स, डॉक्टरों और सरकारी अधिकारियों का कहना है कि आम जनता को बिल्कुल भी घबराने की जरूरत नहीं है. ऐसे में जानते हैं कि देश के किन शहरों में कोरोना के मामले मिले हैं और इस पर एक्सपर्ट्स की क्या राय है?
देश में कहां–कहां मिले कोरोना के नए केस? | Corona Returns
देश के कुछ राज्यों में मिले कोरोना के नए मामलों ने हेल्थ डिपार्टमेंट को अलर्ट कर दिया है. आइए जानते हैं कि देश में इस वक्त कोरोना के मामले कहां-कहां से सामने आए हैं?
-
उत्तर प्रदेश (वाराणसी): हाल ही में उत्तर प्रदेश के वाराणसी में भी कोरोना का नया मामला सामने आया है. वाराणसी के आशापुर इलाके के रहने वाले 27 वर्षीय एक युवक को सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही थी. जब उसे काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सर सुंदरलाल अस्पताल के चेस्ट एंड टीबी विभाग में दिखाया गया और कोरोना जांच की गई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई. फिलहाल, इस युवक को बीएचयू अस्पताल में ही भर्ती करके उसका इलाज किया जा रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक, यह मामला बताता है कि वायरस की रफ्तार भले ही धीमी पड़ गई है, लेकिन यह अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है.
- आंध्र प्रदेश: सबसे ज्यादा चिंताजनक मामले दक्षिण भारत के आंध्र प्रदेश से सामने आए हैं. फिलहाल राज्य में कोरोना के 8 एक्टिव केस रिकॉर्ड किए गए हैं. पिछले कुछ हफ्तों के भीतर आंध्र प्रदेश में कोरोना से दो लोगों की मौत भी हो चुकी है. हाल ही में कडप्पा के मासापेटा इलाके के रहने वाले 46 वर्षीय एक व्यक्ति की कोरोना संक्रमण से जान चली गई. वहीं, एक अन्य मामला अन्नमैया जिले के राजमपेटा से भी सामने आया था. इन मामलों के बाद मरीजों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं, ताकि कोरोना के वैरिएंट का पता लगाया जा सके.
-
महाराष्ट्र (मुंबई): देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी कोरोना वायरस का एक नया मामला मिला है. इसके अलावा जाने-माने सिंगर कुमार सानू के बेटे जान कुमार सानू भी हाल ही में कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. उनका इलाज चल रहा है.
क्या कहता है मेडिकल साइंस? | Corona Returns
मेडिकल साइंस के अनुसार, कोरोना वायरस अब एंडेमिक स्टेज में पहुंच चुका है. इसका सीधा मतलब यह है कि यह वायरस अब हमारे वातावरण से पूरी तरह कभी खत्म नहीं होगा. जैसे मौसम बदलने पर सर्दी, खांसी या आम फ्लू होता है, वैसे ही कोरोना के भी छिटपुट मामले समय-समय पर सामने आते रहेंगे. हमारे शरीर में अब वैक्सीन और पहले के इंफेक्शन की वजह से एंटीबॉडी बन चुकी है, जिससे यह वायरस अब पहले जैसा जानलेवा नहीं रहा.
अस्पतालों और स्वास्थ्य विभाग की क्या है तैयारी? | Corona Returns
इन नए मामलों को देखते हुए राज्य और केंद्र सरकारें किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं. राज्यों के स्वास्थ्य विभागों ने तुरंत रैपिड रिस्पॉन्स टीम का गठन किया है और स्थिति पर नजर रखने के लिए खास कोविड कंट्रोल रूम भी चालू किए गए हैं. वहीं, अस्पतालों के अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने यहां कम से कम 10 बेड वाला अलग आइसोलेशन वॉर्ड हमेशा तैयार रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को भर्ती किया जा सके. सभी सरकारी और बड़े प्राइवेट अस्पतालों को आदेश दिया गया है कि वे कोरोना की जांच के लिए टेस्टिंग किट, जरूरी दवाइयां, डॉक्टरों और स्टाफ के लिए PPE किट और N95 मास्क का पर्याप्त स्टॉक हर समय उपलब्ध रखें.
क्या है लॉकडाउन की अफवाहों का सच | Corona Returns
सोशल मीडिया पर चल रही 2026 में लॉकडाउन की खबरें पूरी तरह से बेबुनियाद हैं. स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि वायरस के इक्का-दुक्का मामले भविष्य में भी आते रहेंगे. अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि किसी भी तरह का पैनिक न फैलाएं. देश में अभी यात्रा करने, स्कूल-कॉलेज जाने या काम करने पर कोई पाबंदी नहीं है. सरकार ने मास्क पहनना भी अनिवार्य नहीं किया है.
कैसे करें अपना बचाव? | Corona Returns
-
कमजोर इम्युनिटी वाले रहें सतर्क: बुजुर्गों और पहले से किसी गंभीर बीमारी जैसे शुगर, बीपी या हार्ट प्रॉब्लम से जूझ रहे लोगों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचना चाहिए.
-
लक्षण दिखने पर जांच: अगर आपको तेज बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश या सांस लेने में परेशानी महसूस हो रही है तो तुरंत अपने नजदीकी डॉक्टर से संपर्क करें और कोरोना की जांच कराएं.
-
मास्क और साफ–सफाई: भीड़भाड़ वाली जगहों, अस्पतालों या पब्लिक ट्रांसपोर्ट में जाते समय मास्क पहनना अच्छी आदत है. यह आपको कोरोना के साथ-साथ प्रदूषण और अन्य बीमारियों से भी बचाता है. अपने हाथों को समय-समय पर धोते रहें.





