Health Alert! सुबह नाश्ता न करना कहीं डायबिटीज का न बढ़ा दे खतरा


Health Alert: शरीर को स्वस्थ रखने के लिए खान-पान को ठीक रखना सबसे जरूरी माना जाता है। आप क्या खाते हैं और कब खाते हैं ये भी बहुत मायने रखता है। आहार विशेषज्ञ कहते हैं, सभी लोगों को दिन में तीन हेल्दी मील जरूर लेनी चाहिए। इसमें सुबह का नाश्ता सबसे जरूरी है। रात में 8-10 के भोजन के गैप के बाद सुबह हेल्दी चीजें खाना अच्छी सेहत के लिए बहुत जरूरी है। सुबह का नाश्ता भरपेट और पौष्टिक रखें, इसके बाद लंच हल्का और डिनर को सबसे हल्का रखना चाहिए।
हालांकि सुबह की भागदौड़ में कई लोग नाश्ता नहीं कर पाते और इसे छोड़ देते हैं। वहीं कुछ लोगों को लगता है कि नाश्ता न करने से फास्टिंग का समय बढ़ेगा साथ ही इससे कैलोरी इंटेक कम होगी और वजन कंट्रोल रहेगा। लेकिन तमाम अध्ययन बताते हैं कि ये आदत असल में सेहत के लिए मुश्किलें बढ़ाने वाली हो सकती है। कुछ अध्ययनों में पाया गया है कि नाश्ता छोड़ना या नाश्ता न करने की आदत आपमें डायबिटीज का खतरा भी बढ़ाने वाली हो सकती है।
नाश्ता न करने की आदत के खतरे | Health Alert
अध्ययनों में नियमित रूप से नाश्ता न करने वालों में टाइप-2 डायबिटीज, मेटाबॉलिक सिंड्रोम तथा हृदय संबंधी जोखिमों का खतरा अधिक पाया गया है। वहीं कुछ अध्ययन बताते हैं कि नाश्ता छोड़ने से कुछ लोगों में एलडीएल यानी बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ने का खतरा हो सकता है। नाश्ता न करने की आदत तो नुकसानदायक है ही, पर अगर आप नाश्ते में अनहेल्दी चीजें जैसे ब्रेड, खाली पेट चाय, तली-भुनी चीजें खाते हैं तो इससे दिक्कतें और बढ़ सकती हैं।
डायबिटीज का खतरा | Health Alert
एक मेटा-विश्लेषण में पाया गया कि जो लोग अक्सर नाश्ता छोड़ देते हैं उनमें समय के साथ टाइप-2 डायबिटीज होने का जोखिम अधिक हो सकता है। छह अध्ययनों और 96,175 लोगों के हेल्थ डेटा में पाया गया कि ये छोटी सी लगने वाली आदत डायबिटीज के जोखिमों को बढ़ाने वाली हो सकती है। हालांकि यह जरूरी नहीं कि नाश्ता छोड़ना अकेले डायबिटीज का कारण हो। आहार विशेषज्ञ कहती हैं, नाश्ता छोड़ने के बाद दिन में बाद के भोजन का समय, मात्रा और भोजन की गुणवत्ता भी महत्वपूर्ण हो जाती है। जिन्हें पहले से डायबिटीज की बीमारी है उन्हें एक से दूसरी मील में वैसे भी ज्यादा गैप नहीं रखना चाहिए।
क्या नाश्ता छोड़ने से वजन कम होता है? | Health Alert
अध्ययनों में पाया गया कि नाश्ता छोड़ने वाले लोगों का वजन औसतन थोड़ा कम हुआ, लेकिन इससे एलडीएल कोलेस्ट्रॉल का खतरा बढ़ा हुआ देखा गया। वजन घटाने के लिए नाश्ता छोड़ना हेल्दी विकल्प नहीं है। आप दिनभर में कितनी कैलोरी लेते हैं, भोजन की गुणवत्ता और शारीरिक गतिविधि कैसी है ये चीजें शरीर के वजन पर ज्यादा असर डालती हैं। इसी तरह एक अध्ययन में पाया गया कि नियमित रूप से नाश्ता करने वालों की तुलना में नाश्ता न करने वालों में हृदय रोगों का जोखिम भी अधिक हो सकता है।




