Lucknow News: 53400 किशोरियों को लगा एचपीवी टीका
क्वीन मेरी अस्पताल में आयोजित हुआ एचपीवी टीकाकरण

Lucknow: सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में क्वीन मेरी अस्पताल में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए निःशुल्क ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित शिविर का उद्घाटन प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अंजू अग्रवाल ने किया। शिविर में 16 पात्र किशोरियों को एचपीवी का टीका लगाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि जनपद में पात्र किशोरियों के एचपीवी टीकाकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिल्वर जुबली के सहयोग से क्वीन मेरी अस्पताल में विशेष टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि जनपद में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए तीन माह का विशेष एचपीवी टीकाकरण अभियान अप्रैल से शुरू किया गया था। राज्य से अभियान के दौरान कुल 59 हजार किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके सापेक्ष अब तक 53,400 किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है।

सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम का प्रभावी माध्यम है टीकाकरण
सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा कार्यदिवसों पर पात्र किशोरियों को एचपीवी का टीका लगाया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र किशोरियों का समय से एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं। समय पर टीकाकरण भविष्य में एचपीवी संक्रमण और उससे होने वाले सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करने में मदद करता है। डॉ. अंजू अग्रवाल ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम का सुरक्षित और प्रभावी माध्यम है। किशोरावस्था में समय पर टीकाकरण कराने से भविष्य में एचपीवी संक्रमण तथा इससे संबंधित सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है। उन्होंने अभिभावकों से किशोरियों के टीकाकरण के प्रति जागरूक रहने और निर्धारित समय पर टीका लगवाने की अपील की। शिविर में उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विनय कुमार, शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिल्वर जुबली की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रियंका यादव एवं उनकी टीम के साथ क्वीन मेरी अस्पताल के चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहे।




