क्या सच में Periods के दौरान नहीं धोने चाहिए बाल, क्या कहते हैं वैज्ञानिक?

युवतियों और महिलाओं को पीरियड्स के दौरान बाल न धोने की सलाह मिलती रही है। क्योंकि, इस दौरान ऐसा करने से तबीयत खराब हो सकती है, इन दिनों में ठंडा पानी सिर पर नहीं डालना चाहिए, बाल गीले करने से सिर दर्द होता है। आपने भी कभी न कभी ये बातें जरूर सुनी होंगी, खासकर घर की बड़ी बुज़ुर्ग महिलाओं ऐसा कहती हैं। माहवारी यानी पीरियड्स से जुड़ी ऐसी कई धारणाएं हमारे समाज में आज भी गहराई से जमी हुई हैं। इनमें से एक आम धारणा है कि पीरियड्स के दौरान बाल नहीं धोने चाहिए। मगर, क्या वाकई ऐसा कोई वैज्ञानिक कारण है, या फिर ये भी एक और भ्रम है जो पीढ़ी दर पीढ़ी चलता आ रहा है?
पीरियड्स के दौरान बाल न धोने की धारणा कहां से आई?
भारतीय संस्कृति में माहवारी (Periods) को लंबे समय से अशुद्धि से जोड़ा गया है। पुराने ज़माने में जब सुविधाएं सीमित थीं और गर्म पानी या साफ-सफाई के साधन पर्याप्त नहीं थे, तब महिलाओं को इन दिनों आराम करने और शरीर को ठंड से बचाने की सलाह दी जाती थी। इसका एक हिस्सा यह भी था कि इन दिनों सिर पर पानी न डालें, जिससे सर्दी या थकावट न हो। धीरे-धीरे यह एक सामाजिक नियम जैसा बन गया कि पीरियड्स में बाल धोना मना है।

वैज्ञानिक नजरिए से क्या है सच्चाई?
कोई मेडिकल रिसर्च यह नहीं कहती कि पीरियड्स में बाल धोने से कोई नुकसान होता है। यह पूरी तरह से एक मिथक है, जो केवल परंपरा पर आधारित है, विज्ञान पर नहीं।यदि बहुत ठंडा पानी इस्तेमाल किया जाए तो सिर दर्द या थकावट हो सकती है, लेकिन वो पीरियड्स की वजह से नहीं, बल्कि तापमान की वजह से है। अगर आप गर्म या गुनगुने पानी से नहाते हैं और बाल धोते हैं, तो इससे न केवल ताजगी मिलती है, बल्कि शरीर की बदबू और बैक्टीरिया से भी राहत मिलती है।
क्या बाल धोने से पीरियड्स की फ्लो बढ़ता है?
कई लोगों का यह भी मानना है कि बाल धोने से ब्लीडिंग अधिक हो सकती है। हालांकि, यह केवल एक भ्रम है। गर्म पानी से नहाने से ब्लड फ्लो थोड़ा सामान्य हो सकता है, जिससे शरीर हल्का और रिलैक्स महसूस करता है। मगर, यह नुकसानदायक नहीं है।
यह भी पढ़ें: अगर शरीर में है Vitamin की कमी तो खुद न बनें डॉक्टर, Kidney-Liver हो सकते हैं खराब
किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
बहुत ठंडा पानी न इस्तेमाल करें।
सिर धोने के बाद बाल अच्छी तरह सुखाएं।
अगर थकान ज्यादा है तो आराम करें, मजबूरी न बनाएं।
साफ-सफाई बनाए रखें, जिससे इंफेक्शन से बच सकें।