Coffee In BP: कॉफी पीने से बीपी लो होता है या हाई? जान लीजिए ये जरूरी बातें


Coffee In BP: क्या आप भी कॉफी पीने के शौकीन हैं? सुबह दिन की शुरुआत हो या काम के बीच थकान मिटाना हर बार कॉफी याद आती है, तो आपके लिए अच्छी खबर है। कई अध्ययनों में कॉफी पीने को सेहत के लिए बहुत फायदेमंद बताया गया है। विशेषतौर पर अगर आप बिना दूध-चीनी वाली, ब्लैक कॉफी पीते हैं तो ये आपको कई लाभ दे सकती है। लिवर के साथ कई अन्य अंगों के लिए भी कॉफी फायदेमंद हो सकती है। शरीर की ऊर्जा, फोकस हो या मूड बेहतर करना कॉफी इन सबमें आपके लिए फायदेमंद है। आपने अक्सर सुना होगा कि ब्लड प्रेशर की समस्या होने पर लोग कॉफी पीने की सलाह देते हैं।
पर बड़ा सवाल ये है कि कॉफी लो बीपी में फायदेमंद है या हाई बीपी में? अगर आपने इस बात का ध्यान न रखा तो ये फायदे की जगह नुकसानदायक भी हो सकती है। मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि कॉफी में मौजूद कैफीन का शरीर पर सीधा असर पड़ता है। कैफीन एक प्राकृतिक उत्तेजक पदार्थ है, जो दिमाग और नर्वस सिस्टम को सक्रिय करता है। यही कारण है कि कॉफी पीते ही आपकी नींद भाग जाती है और शरीर में ऊर्जा बढ़ जाती है। हालांकि स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं सही मात्रा, सही समय और अपनी स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखकर ही कॉफी का सेवन करना चाहिए।
अध्ययनों से क्या पता चला? | Coffee In BP
अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के अनुसार, कैफीन हृदय गति और ब्लड प्रेशर दोनों को प्रभावित कर सकती है। यह शरीर में एड्रेनिल हार्मोन के स्तर को बढ़ा देता है, जिससे कुछ समय के लिए ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है। विशेषज्ञ कहते हैं, चूंकि कैफीन बीपी को बढ़ाने में मदद करती है इसलिए पहले से ही हाई ब्लड प्रेशर की समस्या में इसका सेवन नहीं करना चाहिए। मायोक्लिनिक की रिपोर्ट के अनुसार, कैफीन कुछ लोगों में सिस्टोलिक और डायस्टोलिक बीपी दोनों को अस्थायी रूप से बढ़ा सकता है। यदि किसी व्यक्ति को हाई ब्लड प्रेशर है, तो एक बार में अधिक मात्रा में कॉफी पीना जोखिम बढ़ा सकता है। अध्ययनों में यह भी पाया गया है कि दिन में 1-2 कप कॉफी पीने से हर व्यक्ति में ज्यादा नुकसान नहीं होता है।
बीपी के मरीजों को कॉफी कब पीनी चाहिए | Coffee In BP
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते है, लिवर-ब्रेन सहित कई अन्य स्थितियों में कॉफी को फायदेमंद बताया गया है। पर ब्लड प्रेशर के मरीजों को थोड़ी सावधानी बरतनी चाहिए। यदि आपका ब्लड प्रेशर लगातार बढ़ा रहता है तो कैफीन अस्थायी रूप से इसे और बढ़ा सकता है। ऐसे मामलों में डॉक्टर अक्सर कैफीन वाली चीजों का सेवन कम से कम करने की सलाह देते हैं। कॉफी लो ब्लड प्रेशर (हाइपोटेंशन) में सुधार करने में फायदेमंद हो सकती है। एक कप कॉफी पीने से, ब्लड प्रेशर में अचानक गिरावट के कारण होने वाले चक्कर या सिर घूमने की समस्या से जल्दी राहत मिल सकती है। हालांकि अगर आपको लगातार लो ब्लड प्रेशर की समस्या बनी रहती है तो इसका समय रहते इलाज जरूर कराएं।
कब नहीं पीनी चाहिए कॉफी | Coffee In BP
कुछ स्थितियों में आपको कॉफी या कैफीन वाली किसी भी चीज का सेवन कम कर देना चाहिए। यदि ब्लड प्रेशर लगातार बहुत अधिक रहता है तो कॉफी न पिएं। यदि आपके दिल की धड़कन अनियमित बनी रहती है, पैनिक या एंग्जाइटी डिसऑर्डर है या फिर नींद की समस्या से पीड़ित है तो भी कॉफी कम से कम पिएं। गर्भवती महिलाओं को भी कैफीन की मात्रा सीमित रखनी चाहिए।





