Ear Wax Removal Tips: कान में फंसे मैल को साफ करने में न करें ऐसी गलती, हो सकते हैं बहरे


Ear Wax Removal Tips: अक्सर लोग कान में मैल यानी वैक्स को घर पर साफ करने की कोशिश करते हैं, जिससे समस्या और बढ़ सकती है. कान में थोड़ा बहुत मैल रहना पूरी तरह से नेचुरल और फायदेमंद होता है. यह सिर्फ कान की सफाई का हिस्सा नहीं है, बल्कि कान को संक्रमण और चोट से बचाने का भी काम करता है. कान में जमा मैल बैक्टीरिया और फंगस से लड़ने की क्षमता रखता है.
इसे मेडिकल भाषा में सेरुमेन कहते हैं. वहीं कई लोग कान में फंसे मैल को हर समय साफ करने की कोशिश करते हैं, लेकिन ऐसा करना गलत है. कान को तभी सफाई की जरूरत होती है, जब मैल बहुत ज्यादा हो जाए और सुनने में दिक्कत, खुजली या दर्द जैसी समस्याएं शुरू हो जाए. ऐसे में आइए आज हम आपको बताते हैं कि कान में फंसे मैल को साफ करने में कौन सी गलती न करें, जिससे बहरापन हो सकता है.
कान में मैल रहना पूरी तरह नॉर्मल है | Ear Wax Removal Tips
कान में मैल कान की नेचुरल सुरक्षा है. यह धूल, बैक्टीरिया और अन्य सूक्ष्म कणों को फंसाकर उन्हें कान के अंदर तक पहुंचने से रोकता है. इसके अलावा, यह कान की नमी बनाए रखता है, जिससे सूखापन और खुजली नहीं होती है. इसलिए, कान का मैल पूरी तरह हटा देना नुकसानदेह हो सकता है. वहीं थोड़ा बहुत मैल कान में रहना पूरी तरह नॉर्मल है. यह खुद बाहर निकल जाता है. इसे सफाई की जरूरत तब होती है, जब मैल बहुत ज्यादा जमा हो जाए. ज्यादा मैल कान को ब्लॉक कर सकता है, जिससे सुनने में दिक्कत, दर्द, बेचैनी और ईयर रिंगिंग जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
अक्सर लोग कान में सफाई के लिए कॉटन बड्स, हेयरपिन, चाबी या नुकीली चीजों का यूज करते हैं. यह सबसे बड़ी गलती है. इनसे मैल बाहर निकलने की जगह और अंदर चला जाता है और कान में फंस जाता है. इससे कान ब्लॉक हो सकता है, दर्द या इन्फेक्शन हो सकता है, और गंभीर मामलों में कान का पर्दा भी फट सकता है, जिससे बहरापन हो सकता है. कुछ लोगों के कान में जन्म से ज्यादा मैल बनता है. साथ ही जो लोग अक्सर ईयरफोन या हियरिंग मशीन का यूज करते हैं, उनके कान में मैल फंसने का खतरा ज्यादा होता है. ऐसे लोग खुद सफाई करने की जगह एक्सपर्ट की मदद लें.
क्लिनिक में कराएं कान की सफाई | Ear Wax Removal Tips
क्लिनिक में कान की सफाई कई सुरक्षित तरीकों से की जाती है. क्लिनिक में मैल को नरम करने के लिए ईयर ड्रॉप्स इस्तेमाल होते हैं. ईयर इरिगेशन में हल्का गर्म पानी या सॉल्यूशन कान में डालकर मैल को बाहर निकाला जाता है. वहीं कंट्रोल्ड वैक्यूम से मैल को खींचा जाता है. इन तरीकों से कान को कोई नुकसान नहीं पहुंचता है. कान के बाहरी हिस्से यानी पिन्ना को हल्के कपड़े से नहाते समय साफ किया जा सकता है. यह कान के बाहरी हिस्से पर जमा धूल और पसीने को हटा देता है, लेकिन कान के अंदरूनी हिस्से को छूना या साफ करना तब तक टालें जब तक कोई समस्या न हो. अगर कोई समस्या महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर या एक्सपर्ट की मदद लें.





