Eye Problems: आंखों में जलन-चुभन ने कर दिया है परेशान? जानिए कैसे पाएं आराम


Eye Problems: देशभर में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप देखा जा रहा है। विशेषतौर पर उत्तर भारत में लगातार बढ़ता पारा सेहत के लिए मुश्किलें खड़ी करते जा रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, बढ़ती गर्मी उन लोगों के लिए और भी खतरनाक हो सकती है, जो पहले से क्रॉनिक बीमारियों जैसे डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर या फिर दिल की बीमारियों का शिकार हैं। डॉक्टर कहते हैं, गर्मी के इस मौसम में अपनी आंखों की सेहत को लेकर भी सावधान रहने की जरूरत है।
तेज धूप, गर्म हवाएं, पसीना और डिहाइड्रेशन आंखों में जलन, खुजली, लालिमा जैसी समस्याओं को बढ़ा देते हैं। कई लोग इसे मामूली समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन बार-बार आंखों में जलन होना खतरनाक हो सकता है, जिसे लेकर सभी लोगों को सावधानी बरतते रहने की आवश्यकता है। क्या आप भी इन दिनों आंखों में जलन-चुभन या भारीपन जैसी समस्या से परेशान हैं?
क्या कहती हैं विशेषज्ञ? | Eye Problems
गर्मियों में आंखों की बाहरी सतह जल्दी सूखने लगती है। जब आंखों में पर्याप्त नमी नहीं रहती, तो ड्राई आई सिंड्रोम, एलर्जी और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा एयर कंडीशनर में लंबे समय तक बैठना, धूप में बिना चश्मे के निकलना और बार-बार आंखें मलना आपकी स्थिति को और खराब कर सकता है। बच्चों और बुजुर्गों में यह समस्या ज्यादा देखी जाती है क्योंकि उनकी आंखें अधिक संवेदनशील होती हैं। आइए जान लेते हैं कि अगर आंखों में जलन-चुभन हो रही है तो क्या करना चाहिए और कौन सी सावधानियां जरूरी हैं?
आंखों की जलन से कैसे पाएं आराम? | Eye Problems
डॉक्टर कहतते हैं, आंखों में हल्की जलन या खुजली है, तो सबसे पहले ठंडे साफ पानी से आंखों को धोना या ठंडी पट्टी रखना आपको आराम दे सकता है। इससे सूजम कम होती है और जलन से भी राहत मिलती है। आंखों में जलन हो तो स्क्रीन टाइम कम करें। लगातार मोबाइल, टीवी देखने से आंखों का झपकना कम होता है जिससे आंखें जल्दी सूखती हैं। यदि एलर्जी की वजह से खुजली हो रही है, तो आंखें मलने से बचें। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर आई ड्रॉप ले सकते हैं। बिना डॉक्टरी सलाह के मेडिकल स्टोर से कोई भी आई ड्रॉप खरीदकर इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। एक ड्रॉप जिससे किसी को आराम मिल रहा हो वो जरूरी नहीं है कि हर किसे के लिए फायदेमंद हो।
इन बातों का रखें खास ध्यान | Eye Problems
डॉक्टर कहते हैं, आंखों में जलन-चुभन होने पर सबसे जरूरी है आंखों को बार-बार हाथ लगाने से बचना चाहिए। हाथों में मौजूद बैक्टीरिया संक्रमण का कारण बन सकते हैं। धूप में निकलते समय सिर और आंखों को कवर करें। तौलिया, रूमाल या आई मेकअप किसी के साथ शेयर नहीं करना चाहिए। डॉक्टर कहती हैं अगर आंखों में तेज दर्द, लगातार लालिमा, धुंधला दिखने या तेज रोशनी से परेशानी हो, तो तुरंत विशेषज्ञ से संपर्क करें। गर्मियों में छोटी लापरवाही भी बड़ी परेशानी बन सकती है।
गर्मियों में आंखों को कैसे रखें सुरक्षित? | Eye Problems
अपनी आंखों को स्वस्थ रखने और गर्मी के कारण होने वाली दिक्कतों से बचाए रखने के लिए डॉक्टर कुछ जरूरी उपायों की सलाह देते हैं। चेहरे और आंखों की स्वच्छता बनाए रखना महत्वपूर्ण है। दिन में 2–3 बार साफ पानी से चेहरा धोना और गंदे हाथों से आंखों को न छूना संक्रमण के खतरे को कम करता है। डाइट में विटामिन्स और ओमेगा-3 से भरपूर चीजें शामिल करें। गाजर, पालक, संतरा, बादाम, अलसी और मछलियां आंखों की सेहत के लिए फायदेमंद मानी जाती हैं। अगर आप कॉन्टैक्ट लेंस पहनते हैं, तो गर्मियों में हाइजीन का ध्यान रखना जरूरी है। लंबे समय तक लेंस पहनने से दिक्कत बढ़ सकती है।





