RCB के इस गेंदबाज ने कराई हर्निया की सर्जरी, जानिए इस बीमारी के बारे में सबकुछ

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के गेंदबाज सुयश शर्मा (Suyash Sharma) ने वीडियो जारी कर अपनी हर्निया की बीमारी की जानकारी दी है। वीडियो के जरिए सुयश ने बताया कि वह हर्निया की समस्या से पिछले काफी समय से जूझ रहे थे। इसके इलाज के लिए फ्रेंचाइजी ने उन्हें मौजूदा आईपीएल 2025 सीजन की शुरुआत से पहले ही ऑपरेशन के लिए लंदन भेजा था।
सुयश ने बताया कि 2023 तक वह हड्डियों के दर्द को कम करने का इंजेक्शन लिया करते थे और मैच खेलते थे, उन्हें तब तक इस बीमारी के बारे में पता नहीं चला था। इस बीमारी की जानकारी उन्हें तब लगी जब वो लंदन गए। सुयश शर्मा को एक नहीं 3 हर्निया थीं। हालांकि, सर्जरी के बाद अब वो पूरी तरह से ठीक हैं। ऐसे भी सवाल होता है कि आखिर हर्निया की बीमारी क्या है और इस बीमारी के लक्षण.कैसे दिखते हैं?

क्या है हर्निया? (What is Hernia?)
हर्निया पांच प्रकार का होता है- इनगुइनल हर्निया, हाइटल हर्निया, अम्बिलिकल हर्निया, इंसिजिनल हर्निया और स्पोर्ट्स हर्निया। देखा जाए तो इनगुइनल हर्निया के मरीज दुनिया में सबसे ज्यादा हैं। मरीजों में करीब 70 फीसदी लोग इसी इनगुइनल हर्निया के शिकार होते हैं। इस स्थिति में पेट में अंदरूनी परत में छेद हो जाता है और वहां की आंत शरीर से बाहर उभर कर आ जाती है।
हर्निया के कारण (Reason of Hernia)
हर्निया के कारण की बात करें तो ये मांसपेशियों की कमजोरी और अत्यधिक खिंचाव के चलते होता है। उम्र का बढ़ना, मोटापा, प्रेग्नेंसी, ज्यादा वजन उठाना, किसी चोट या ऑपरेशन के जरिए ज्यादा खांसी या छींक के चलते और स्मोकिंग करने की आदत के चलते मांसपेशियां कमजोर होकर खिंचने लगती हैं, जिससे हर्निया की कंडीशन पैदा हो जाती है।
हर्निया के लक्षण (Symptoms of Hernia)
हर्निया के लक्षण बहुत जल्दी पता नहीं चलते हैं और इसी कारण गंभीर स्टेज में आने के बाद पता चलने पर सर्जरी की विकल्प बचता है।
इसके लक्षणों में पेट या आस-पास के स्थान पर कोई उभार या गांठ दिखती है।
शरीर में भारीपन महसूस होता है।
मरीज लंबे समय तक खड़ा नहीं हो पाता है।
इफेक्टेड हिस्से को छूने पर दर्द होने लगता है।
उस स्थान पर मांस उभरकर बाहर आता दिखता है।
त्वचा पर हाथ रखने पर फूलापन महसूस होता है।
यह भी पढ़ें: गर्मियों में सुबह-सुबह चाय से करेंगे दिन की शुरुआत तो सेहत को झेलने पड़ जाएंगे कई नुकसान
हर्निया का इलाज (Treatment of Hernia)
किसी भी बीमरी की तरह हर्निया का इलाज भी व्यक्ति की कंडीशन, बीमारी की स्टेज पर निर्भर करता है।
कुछ मामलों में परहेज और सतर्कता बरतने पर हर्निया खुद ही ठीक हो जाता है और कुछ मामलों में ये गंभीर होने पर सर्जरी के जरिए ठीक हो जाता है।
इसके लिए ओपन सर्जरी और लेप्रोस्कोपिक सर्जरी की जाती है।
अगर हर्निया गंभीर स्टेज में नहीं है तो इसकी सर्जरी में करीब 50 से 70 हजार रुपये लगते हैं।
अगर इसकी स्टेज गंभीर है तो इसकी सर्जरी में एक लाख रुपये से ज्यादा खर्च आता है।