घर हो या ऑफिस, आपने अक्सर महिलाओं से ठंड से कांपते हुए देखा होगा। ठंड बढ़ते ही महिलाओं की समस्या बढ़ जाती है। लड़कियां कई लेयर्स पहनने के बाद भी सर्दी से परेशान रहती है जबकि लड़के बहुत कम कपड़ों में ही पूरी ठंड निकाल देते हैं। घरों में कई बार टेंपरेचर को लेकर झगड़ा भी होने लगता है। कई बार फैन और एसी को लेकर भी लड़ाई हो जाती है। डॉक्टर्स ने प्रमुख कारण बतायें हैं जिसकी वजह से महिलाओं को ज्यादा ठंड लगती है।
महिलाओं को क्यों लगती है ज्यादा सर्दी
लो मेटाबॉलिक रेट
पुरुषों के मुकाबले महिलाओं में चयापचय दर कम होता है, जिसकी वजह से उन्हें ज्यादा ठंड लगती है। जिन लोगों का चयापचय धीमा होता है उनका शरीर कम गर्मी पैदा करता है। जबकि पुरुषों का मेटाबॉलिक रेट काफी अच्छा होता है जो उनके शरीर को गर्म रखता है।
मसल्स मास कम होना
महिलाओं के शरीर में मसल्स मास कम होता है, जिसकी वजह से उन्हें ज्यादा ठंड लगती है। मांसपेशियां कम होनेके कारण लड़कियों का शरीर लड़कों के मुकाबले कम गर्मी पैदा करता है। जिसकी वजह से ठंड ज्यादा लगती है। महिलाओं के शरीर से पुरुषों के शरीर में 6-11 प्रतिशत फैट ज्यादा होता है। जिससे उनका शरीर गर्म रहता है।
प्रोजेस्टेरोन हार्मोन
महिलाओं के शरीर में प्रोजेस्टेरोन हार्मोन ज्यादा बनता है जिसकी वजह से उन्हें ज्यादा सर्दी लगती है। इससे त्वचा की रक्त वाहिकाएं संकुचित हो जाती हैं। शरीर के कुछ अंगों तक ठीक से ब्लड फ्लो नहीं हो पाता जिससे ठंड ज्यादा लगती है। ये हार्मोन शरीर में गर्मी कम पैदा करता है, लेकिन पीरियड और गर्भावस्था को बनाए रखने में मदद करता है।
सही तापमान क्या होना चाहिए?
ऐसी कई स्टडीज़ हुई हैं, जिनमें देखा गया है कि महिलाओं को जहां कमरे का तापमान 25 डिग्री पसंद आता है, वहीं, पुरुषों को 22 डिग्री बेहतर लगता है। WHO के मुताबिक, अगर घर में सब स्वस्थ हैं, तो घर के तापमान को 18 डिग्री तक रखा जा सकता है। लेकिन अगर घर पर उम्रदराज़ या छोटे बच्चे हैं तो फिर 20 डिग्री सही है। वहीं सोने के समय कमरे का तापमान न ज़्यादा ठंडा और न ज़्यादा गर्म होना चाहिए। सोते समय कमरे के तापमान को उतना रखें जिसमें आप सुकून महसूस कर सकें।
Also Read – 2023 में इन बीमारियों ने किया परेशान, नए साल में इस तरह रहें सेहतमंद
सर्दी के मौसम में घर को गर्म रखना ज़रूरी हो जाता है, ताकि आप हाइपोथर्मिया के शिकार न हो जाएं। वहीं, गर्मी के मौसम में घर को ठंडा रखना चाहिए, ताकि हीट स्ट्रोक से बच सकें।
हर वक्त सर्दी लगना सही नहीं
अगर आपको हर समय ठंड लगती रहती है, तो यह किसी बीमारी का संकेत भी हो सकता है। आपको डॉक्टर से फौरन सलाह लेनी चाहिए अगर –
- आप लगातार कंपकपी महसूस कर रहते हैं, जो ठीक होने का नाम नहीं ले रही।
- आपको लंबे समय से बुखार आ रहा है।
- आपके नाखूनों का रंग नीला हो गया है।
- आपकी त्वचा ज़्यादा रूखी हो गई है।
- कंपकपी के साथ जो भी लक्षण महसूस कर रहे हैं, उसे याद रखें ताकि समस्या का सही निदान किया जा सके।
सर्दी में कैसे ख्याल रखें
- विटामिन बी12 से भरपूर डाइट लें
- शरीर में आयरन की कमी दूर करें
- अच्छी तरह से कई लेयर गर्म कपड़े पहनें
- कम से कम आधा घंटे रोजाना धूप में बैठें
- गर्म खाना और गर्म पानी का ही सेवन करें
- डेली कम से कम 30 मिनट व्यायाम करें
- सर्दियों में गर्म तेल से बॉडी की मसाज करें